नागौर के शराब कारोबारी सुभाष ठेकेदार का नोटों के बीच लक्ष्मी पूजन का वीडियो वायरल, 120 मिलियन व्यूज का दावा; बोले- 10 शराब ठेकों और पेट्रोल पंप के कारोबार की नकदी, हर साल करते हैं ऐसा पूजन

जयपुर: नागौर. दीपावली पर लक्ष्मी पूजन के दौरान भारी मात्रा में नकदी के बीच पूजा करते नजर आ रहे नागौर के शराब कारोबारी सुभाष ठेकेदार का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. वीडियो को अब तक करीब 120 मिलियन व्यूज मिलने का दावा सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद नकदी की मात्रा और उसके स्रोत को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सवाल उठने लगे. इसी बीच ईटीवी भारत से खास बातचीत में सुभाष ठेकेदार ने पूरे मामले पर अपनी बात रखी.

सुभाष ठेकेदार ने बताया कि वह हर साल दीपावली पर इसी तरह लक्ष्मी पूजन करते हैं. उनके अनुसार, उनके पास करीब 10 शराब के ठेके और एक पेट्रोल पंप है. दीपावली पर बैंक बंद होने के कारण कारोबार से प्राप्त नकदी घर पर ही रखी जाती है और इसी नकदी के साथ पूजा की जाती है. बैंक खुलने के बाद रकम बैंक में जमा करवा दी जाती है.

नकदी वाले वीडियो पर क्रिएटर ने दी सफाई:

उन्होंने कहा कि वह नियमित रूप से अपना टैक्स रिटर्न भरते हैं और उन्हें किसी तरह का डर नहीं है. सुभाष ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही रकम को लेकर कहा कि यह करोड़ों रुपये नहीं, बल्कि कुछ छोटी-मोटी रकम थी, जिसे पूजा के दौरान रखा गया था. उनका कहना है कि लोग अपनी-अपनी सोच के अनुसार वीडियो को अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं. सुभाष ने यह भी बताया कि वह नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) से जुड़े हुए हैं और प्रतिदिन सोशल मीडिया पर अपने वीडियो पोस्ट करते रहते हैं. उनके मुताबिक, पहले भी उनके वीडियो वायरल होते रहे हैं, लेकिन इस बार वीडियो को अपेक्षा से अधिक लोकप्रियता मिली है. उन्होंने करीब 120 मिलियन व्यूज मिलने पर वीडियो देखने वाले सभी लोगों का आभार जताया. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है. वे अपने काम से जुड़े वीडियो शेयर करते रहते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *