मध्यप्रदेश के 9 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान मिलना गौरव की बात है… पर निराश कर रहा भोपाल का बुरा हाल… कौशल किशोर चतुर्वेदी

मध्यप्रदेश के 9 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान मिलना गौरव की बात है… पर निराश कर रहा भोपाल का बुरा हाल…
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत प्रदेश के 9 नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और उज्जैन शामिल हैं। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में 11 नवंबर 2026 को पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और आयुक्त नगरीय कल्याण संकेत भोंडवे ने राज्य सरकार की ओर से पुरस्कार ग्रहण किये। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के सर्वाधिक 9 शहरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर नई दिल्ली में आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन प्रारंभ कर देश में स्वच्छता की नई चेतना जागृत की। पिछले 12 वर्षों में स्वच्छता के प्रति देशवासियों के व्यवहार और सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। मध्यप्रदेश स्वच्छता के क्षेत्र में देश के लिए उदाहरण बन चुका है। हमारे प्रयासों, नवाचारों, इच्छाशक्ति और जनभागीदारी ने प्रदेश को स्वच्छता के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में मध्यप्रदेश के सर्वाधिक 9 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। इस वर्ष कुल 57 राष्ट्रीय पुरस्कारों में से 9 पुरस्कार प्रदेश को मिले हैं। यह उपलब्धि स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रभावी प्रयासों को दर्शाती है।
निश्चित तौर से मध्यप्रदेश की उपलब्धि गौरवान्वित करने वाली है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर को स्वच्छ शहर जोड़ी-मेंटर, देपालपुर को स्वच्छ शहर जोड़ी-मेंटी, जबलपुर को 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले वर्ग में स्वच्छ शहर रैंक-2, उज्जैन को 3 लाख से 10 लाख जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर रैंक-1, देवास को 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर रैंक-1, सागर को इसी वर्ग में स्वच्छ शहर रैंक-3, बुधनी को 20 हजार से कम जनसंख्या वर्ग में स्वच्छ शहर रैंक-3, रीवा को स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर रैंक-1 तथा ग्वालियर को स्वच्छ सिटी अवार्ड प्राप्त हुआ है।
और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का अभिनंदन समारोह में शामिल होकर
प्रदेश की उपलब्धियों पर अपने सहयोगियों की हौसला अफजाई करना एक अच्छी सोच है। लेकिन हमें जहां नौ शहरों ने
गौरवान्वित किया है तो देश की स्वच्छतम राजधानी रही भोपाल ने सबसे ज्यादा निराश भी किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के हालिया परिणामों के अनुसार, मध्य प्रदेश के कुछ प्रमुख शहर और क्षेत्र इस बार पुरस्कारों की दौड़ से बाहर रहे या पिछले प्रदर्शन के मुकाबले पीछे छूटे हैं।
पिछली बार देश में स्वच्छतम राजधानी रहने वाली मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल इस बार किसी भी राष्ट्रीय पुरस्कार की सूची में जगह नहीं बना पाई। इस परिणाम में भोपाल ने सभी को बहुत ही निराश किया है। आदमपुर छावनी के कचरे और अपशिष्ट प्रबंधन की चुनौतियों को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है। दुःख की बात यह है कि भोपाल द्वारा मेंटॉर की जाने वाली बैरसिया नगर परिषद को भी इस सर्वेक्षण में कोई पहचान या पुरस्कार नहीं मिला। कहीं न कहीं यह नगर निगम भोपाल की बदहाल स्थिति को ही बयां कर रहा है। और पिछले दिनों नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों की हड़ताल ने तो राजधानी भोपाल में स्वच्छता की कमर ही तोड़ दी थी। ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए नगरीय विकास विभाग को विशेष नीति बनाकर क्रियान्वित करना चाहिए। ताकि गौरव के क्षणों में निराशा के बादल दुःखी न कर सकें…।
सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन सहित प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय, यातायात और पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्थाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। नगरीय निकायों में जीपीएस आधारित कचरा संग्रहण, आधुनिक कचरा प्रसंस्करण केंद्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, कम्पोस्ट निर्माण, वेस्ट टू एनर्जी और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने पर सरकार जोर दे रही है अभिनंदन समारोह की वह तस्वीर खास है जिसमें मुख्यमंत्री और नगरीय विकास मंत्री साथ-साथ खुश और गौरवान्वित नजर आ रहे हैं।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *