नई दिल्ली। टाटा ग्रुप (Tata Group) में नेतृत्व के स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नोएल टाटा समूह (Noel Tata Group) की छह कंपनियों में बोर्ड स्तर के पदों से हटने वाले हैं। वह चार कंपनियों- ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और टाटा इंटरनेशनल के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन पद छोड़ेंगे। इसके अलावा टाटा स्टील और टाइटन के वाइस चेयरमैन पदों से भी उनकी विदाई होगी।

इन जिम्मेदारियों से मुक्त होने के बाद नोएल टाटा को चेयरमैन एमेरिटस बनाया जाएगा। हालांकि, वह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन बने रहेंगे। साथ ही टाटा संस के बोर्ड में ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर के तौर पर भी अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
इन कंपनियों को मिलेंगे नए चेयरमैन
नोएल टाटा के पद छोड़ने के बाद टाटा इंटरनेशनल की जिम्मेदारी टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टीवी नरेंद्रन संभालेंगे। वोल्टास के चेयरमैन पद पर सुनील डिसूजा की नियुक्ति की गई है। वहीं, ट्रेंट के चेयरमैन पद के लिए एजीबी एंड पार्टनर्स के को-फाउंडर बहराम वकील को नामित किया गया है।
वोल्टास में प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन सीपी का कार्यकाल 24 मई 2027 को पूरा होगा। इसके अगले दिन यानी 25 मई 2027 से जयंत बालान पांच साल के लिए कंपनी के नए मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत लिया गया फैसला
टाटा ग्रुप के अनुसार, नोएल टाटा का इन पदों से हटना समूह की निर्धारित रिटायरमेंट पॉलिसी का हिस्सा है। इसका टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस के बीच चल रहे मतभेदों से कोई संबंध नहीं है। इससे पहले रतन टाटा ने भी 70 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद इसी नीति के तहत समूह के एग्जीक्यूटिव पद छोड़ दिए थे।
नोएल टाटा ने जून में ट्रेंट की सालाना आम बैठक (AGM) के दौरान ही चेयरमैन पद छोड़ने के अपने इरादे के संकेत दिए थे। इसके बाद वोल्टास की AGM में भी उन्होंने कहा था कि चेयरमैन के तौर पर यह उनकी आखिरी बैठक होगी।
नेतृत्व और गवर्नेंस को लेकर मतभेद भी चर्चा में
टाटा ग्रुप में यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब समूह के भीतर नेतृत्व और गवर्नेंस को लेकर मतभेद भी सामने आए हैं। टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को दोबारा पांच साल का कार्यकाल देने के प्रस्ताव का नोएल टाटा ने विरोध किया था। इसके अलावा टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के प्रस्ताव पर भी उन्होंने आपत्ति जताई थी।
नोएल टाटा ने निर्णय लेने की प्रक्रिया और टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए थे। ऐसे में छह कंपनियों के बोर्ड स्तर के पदों से उनका हटना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, समूह ने इसे स्थापित रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत लिया गया फैसला बताया है।