उज्जैन के नागदा स्थित भारत कॉमर्स स्कूल का वीडियो सामने आया है, जिसमें प्राचार्य डॉ. कुंज बिहारी गुप्ता छात्रों को मुर्गा बनाकर लात मारते और कांटेदार डंडे से पीटते दिख रहे हैं। मामले में नौवीं के एक छात्र के पिता दिनेश सिसौदिया ने 13 नवंबर को बिरलाग्राम थाने में शिकायत की है। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्कूल प्रबंधन समिति ने भी मामले में चार्जशीट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है।
बच्चों को मुर्गा बनाते और पीटते नजर आए स्कूल प्राचार्य।
दिनेश सिसौदिया के मुताबिक, उनका बेटा नौवीं-B में पढ़ता है। गुरुवार सुबह वह होमवर्क की कॉपी स्कूल ले जाना भूल गया था। इसी बात पर प्राचार्य ने उसे मुर्गा बनाया, उछल-कूद कराई और लात मारी। पिता ने कांटेदार डंडे से पिटाई करने का आरोप भी लगाया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार रात को भी प्राचार्य ने उनके बेटे और पड़ोस में रहने वाले इसी स्कूल के एक अन्य छात्र की पिटाई की थी। उस समय प्राचार्य दीपावली मिलने उनके पड़ोसी सतीश वर्मा के घर आए थे। वहां उन्होंने बच्चों को पढ़ाई में कमजोर बताते हुए कॉपी मंगवाई और उनके सामने ही दोनों को पीटा।
दिनेश सिसौदिया ने बताया कि शुक्रवार को वे शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे तो प्राचार्य ने कहा- मैं ऐसा ही हूं और ऐसा ही करूंगा। अच्छा नहीं लगता तो बच्चे की टीसी निकलवा लीजिए। पिता ने प्राचार्य पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप भी लगाया है।
प्राचार्य बोले- मुझे स्कूल से हटाने की साजिश
प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता ने आरोपों पर कहा कि उन्होंने बच्चों को लात से मारा नहीं, बल्कि ऊंचा किया था। बच्चों के पढ़ाई नहीं करने की जानकारी उनके पेरेंट्स को भी दी गई थी। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को प्रायोजित बताते हुए कहा कि उन्हें स्कूल में नहीं रहने देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
थाना और स्कूल प्रबंधन ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही
बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने कहा कि शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत ने भी चार्जशीट के आधार पर प्राचार्य पर कार्रवाई करने की बात कही है।
नवोदय स्कूल से रिटायर हुए, 2025 से यहां पदस्थ
प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता वर्ष 2022 में नवोदय स्कूल से रिटायर हुए थे। वे जुलाई 2025 से भारत कॉमर्स स्कूल में पदस्थ हैं। उनके कार्यकाल में दूसरी बार बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोप लगे हैं।
इससे पहले जनवरी में बाल नहीं कटवाने पर बच्चों के बाल काटने का मामला सामने आया था, तब स्कूल प्रबंधन समिति ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी। अब दोबारा शिकायत सामने आने के बाद समिति की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।