अमिताभ के बंगले ‘जलसा’ के मालिकाना हक पर विवाद: भाई अजिताभ की पत्नी रमोला का दावा- मेरे नाम रजिस्टर्ड था, बिना जानकारी जया बच्चन के नाम कैसे हुआ ट्रांसफर? 1993 की गिफ्ट डीड पर भी उठाए सवाल

अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ पर विवाद हो गया है। अमिताभ के भाई अजिताभ की पत्नी रमोला ने बंगला जया बच्चन के नाम ट्रांसफर होने पर सवाल उठाया है।टाइम्स ऑफ इंडिया और मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, रमोला का दावा है कि जलसा पहले उनके नाम पर रजिस्टर्ड था। बाद में 1993 की एक गिफ्ट डीड के जरिए इसका मालिकाना हक जया बच्चन के नाम कर दिया गया।

रमोला ने पिछले 7 महीनों में रजिस्ट्रार ऑफिस में इसकी कई बार शिकायत की है। उनका कहना है- बिना मेरी जानकारी के बंगले का मालिकाना हक जया बच्चन के नाम ट्रांसफर कर दिया गया।

सोसायटी रिकॉर्ड में जया, सरकारी रिकॉर्ड में रमोला का नाम

रिपोर्ट के मुताबिक, कपोल हाउसिंग सोसाइटी के रिकॉर्ड में जया बच्चन को बंगले का मालिक बताया गया है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में अब भी रमोला बच्चन का नाम दर्ज है।सरकारी रिकॉर्ड से रमोला का नाम हटाकर जया बच्चन का नाम दर्ज कराने की कोशिशों के बाद यह विवाद सामने आया। रमोला का कहना है- मुझे इसकी जानकारी नहीं थी और न मैंने इसके लिए सहमति दी थी।

अजिताभ-रमोला लंदन में रहते थे, 2025 में भारत लौटे

अमिताभ बच्चन बचपन में छोटे भाई अजिताभ और मां तेजी बच्चन के साथ नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर अमिताभ ने 22 दिसंबर 2020 को अपनी मां की याद में सोशल मीडिया पर शेयर की थी।अजिताभ बच्चन अभी कहां रह रहे हैं, इसको लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं है। पहले वे लंदन में रह रहे थे। 2002 में रेडिफ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वे लंदन के हैम्पस्टेड इलाके में पत्नी रामोला और बच्चों के साथ रहते थे।

2012 में टेलीग्राफ की रिपोर्ट में उनके मुंबई लौटने और जुहू स्थित बच्चन परिवार के बंगले ‘प्रतीक्षा’ में रहने की बात कही गई थी।2025 की टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अजिताभ और उनका परिवार लंबे समय तक लंदन में रहने के बाद भारत लौट आया था। हालांकि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

अजिताभ बच्चन और रमोला की बेटी नैना की शादी एक्टर कुणाल कपूर से हुई है।

1993 की गिफ्ट डीड पर भी सवाल उठाए

रमोला ने सिर्फ मालिकाना हक के ट्रांसफर को ही नहीं, बल्कि उस प्रक्रिया को भी चुनौती दी है, जिसके तहत 1993 में गिफ्ट डीड तैयार की गई थी।उनकी शिकायत के मुताबिक, यह दस्तावेज स्टांप ड्यूटी चुकाए बिना सादे कागज पर तैयार किया गया था। इसमें गवाहों के दस्तखत भी नहीं थे।रमोला ने इस दस्तावेज के रजिस्ट्रेशन और महाराष्ट्र सरकार की ‘अभय योजना’ के तहत इसे नियमित किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।

मामले की सुनवाई शुरू, अथॉरिटी बोली- दोनों पक्ष जवाब दाखिल करें

रमोला (बाएं) के साथ जया बच्चन। रमोला पेशे से फैशन डिजाइनर हैं।

मामले में अंधेरी के डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ को-ऑपरेटिव सोसाइटीज के अधिकारी फैज मुलानी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बताया कि मामले में सुनवाई शुरू हो चुकी है और संबंधित पक्षों से अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है।फिलहाल अथॉरिटी ने 1993 की गिफ्ट डीड की वैधता या बंगले के वास्तविक मालिकाना हक को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *