वन विभाग के SDO संजीव कुमार शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त ने 14 नवंबर को छापेमारी की। इस कार्रवाई से पहले तीन टीमों ने 37 दिन तक गोपनीय जांच की थी। टीमों ने कटनी और पचमढ़ी में उनकी संपत्तियों का सत्यापन किया। होटल, रिसॉर्ट और दूसरी व्यावसायिक संपत्तियों से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी गई।
छापेमारी में अब तक 26.36 लाख रुपए नकद, 2.528 किलो सोना और 1.656 किलो चांदी मिली है। सोने की कीमत करीब 3.50 करोड़ और चांदी की कीमत 2.94 लाख रुपए आंकी गई है। लोकायुक्त के अनुसार, अब तक कुल 7.60 करोड़ रुपए की संपत्ति का पता चला है।
देखिए छापेमारी की तस्वीरें

लोकायुक्त टीम ने शर्मा के भोपाल स्थित घर की तलाशी ली।

टीम ने बिस्तर पर बैठकर सोना-चांदी का आकलन किया।

रिसॉर्ट और विला की कीमत 3 करोड़ रुपए
जांच में ईकोटेल रिसॉर्ट की कीमत करीब 2 करोड़ और सेरेनिटी द विला की कीमत 1 करोड़ रुपए आंकी गई है। घरेलू सामान की कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा स्कॉर्पियो, महिंद्रा KUV, बुलेट और स्कूटर सहित चार वाहन मिले हैं। इनकी कीमत करीब 31.20 लाख रुपए है।
टीम को संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें जमीनों की खरीद-फरोख्त से संबंधित 28 दस्तावेज शामिल हैं। इनकी जांच की जा रही है।

आय से 560% अधिक संपत्ति होने का आकलन
लोकायुक्त के प्रारंभिक सत्यापन में SDO की ज्ञात आय से 228% अधिक संपत्ति होने की आशंका सामने आई थी। छापेमारी के बाद अब तक की गणना में यह आंकड़ा करीब 560% बताया गया है। हालांकि, यह शुरुआती आकलन है। होटल और रिसॉर्ट का मूल्यांकन अभी कराया जाना है। इसके बाद संपत्ति का कुल मूल्य बदल सकता है।

शर्मा के यहां महंगी बाइक व स्कूटर भी मिले हैं।

परिवार और करीबियों के नाम पर संपत्तियों की जांच
लोकायुक्त की टीम अब बरामद दस्तावेजों का संपत्तियों से मिलान कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संपत्तियां किसके नाम पर हैं और उन्हें खरीदने या विकसित करने में कितनी रकम खर्च हुई। यह भी जांच की जा रही है कि निवेश SDO ने खुद किया या परिवार के सदस्यों और करीबियों के नाम पर संपत्तियां खरीदी गईं।
इसके लिए अधिकारी की सेवा अवधि के दौरान मिले वेतन, अन्य वैध आय और निवेश का ब्योरा जुटाया जाएगा। होटल और रिसॉर्ट से होने वाली संभावित कमाई की भी पड़ताल होगी। इससे ज्ञात आय और संपत्ति के बीच अंतर का आकलन किया जाएगा।
