रैपिडो राइड में हादसा या बदसलूकी तो जवाबदेह कौन? भोपाल में पत्रकार की मौत, इंदौर में बच्ची से छेड़छाड़; जानिए बच्चों की सुरक्षा, कंपनी की जिम्मेदारी, यात्री बीमा और मुआवजे के नियम

भोपाल में रैपिडो बाइक से दफ्तर जा रही 25 साल की पत्रकार सपना कुमारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, इंदौर में रैपिडो से सफर कर रही 13 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा। विरोध करने पर ड्राइवर ने उसके छोटे भाई को थप्पड़ मारा और दोनों बच्चों को बीच रास्ते छोड़कर भाग गया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है

सवाल 1: ऐप से गाड़ी बुक करने पर सिर्फ सफर मिलता है या सुरक्षा की गारंटी भी?

जवाब- ऐप से गाड़ी बुक करने पर सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ ड्राइवर की नहीं होती। ड्राइवर का पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल जांच और ट्रेनिंग कराना कंपनी की जिम्मेदारी है।

सफर के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग और यात्री के साथ सही व्यवहार की जिम्मेदारी ड्राइवर की है। वहीं, एग्रीगेटर को लाइसेंस देना और नियमों का पालन करवाना राज्य सरकार का काम है।

कंपनियां क्या कहती हैं: रैपिडो अपनी ग्राहक शर्तों में खुद को सिर्फ ‘मध्यस्थ’ बताती है। कंपनी के मुताबिक, ड्राइवर उसके कर्मचारी नहीं, बल्कि स्वतंत्र ठेकेदार हैं। ड्राइवर के व्यवहार की जिम्मेदारी कंपनी की नहीं है। उसने अपनी कुल जिम्मेदारी 1,000 रुपए तक सीमित रखी है। हालांकि, यह शर्त कानून के तहत कंपनी की जवाबदेही को कितना सीमित करती है, यह अलग कानूनी सवाल है।

सरकार के नियम: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की जुलाई 2025 की एग्रीगेटर गाइडलाइंस के मुताबिक, ड्राइवर का पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल जांच और ट्रेनिंग जरूरी है। ऐप में लाइव लोकेशन शेयरिंग और शिकायत अधिकारी की व्यवस्था भी होनी चाहिए।

भोपाल में भी टैक्सी चालकों ने ऐप कंपनियों के खिलाफ हड़ताल की थी। परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात के बाद दोनों टैक्सी यूनियनों ने हड़ताल खत्म कर दी। बैठक में मंत्री ने किराया तय करने के लिए कमेटी बनाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, मंत्री ने प्रदेश में मोटर वाहन अधिकारी 2025 लागू करने की बात भी कही थी।

सवाल 2: क्या बच्चों को अकेले बाइक टैक्सी या कैब से भेज सकते हैं?

जवाब- कंपनियों की शर्तें इसकी इजाजत नहीं देतीं।रैपिडो: इसकी सेवा 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए नहीं है। नाबालिग तभी सफर कर सकता है, जब कोई बड़ा उसकी देखरेख के लिए साथ हो। इसकी पूरी जिम्मेदारी अकाउंट वाले की होती है।उबर: भारत में उबर के नियमों के मुताबिक, कोई व्यक्ति 18 साल से कम उम्र के ऐसे बच्चे के लिए राइड बुक नहीं कर सकता, जिसके साथ कोई बड़ा न हो। ड्राइवर को सवारी नाबालिग लगे, तो वह राइड रद्द कर सकता है।यानी किसी बड़े के अकाउंट से बुकिंग कर देना बच्चे को अकेले सफर की अनुमति नहीं देता। इंदौर में दादी के अकाउंट से बुकिंग हुई, लेकिन सवारी सिर्फ दो बच्चे थे।

बदसलूकी हो तो तुरंत क्या करें

ऐप का SOS बटन दबाएं या पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 पर कॉल करें। बच्चों के मामले में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी मदद मिल सकती है।ड्राइवर का नाम, गाड़ी नंबर और ट्रिप का स्क्रीनशॉट सेव करें।रैपिडो की शर्तों में राइड से जुड़ी शिकायत 24 घंटे के भीतर करने को कहा गया है। हालांकि, कंपनी में शिकायत करने में देरी होने से पुलिस में शिकायत करने का अधिकार खत्म नहीं होता।नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में आरोप की प्रकृति और जांच के आधार पर POCSO एक्ट की धाराएं लग सकती हैं। इसकी धारा 8 के तहत यौन हमला साबित होने पर 3 से 5 साल तक की सजा का प्रावधान है।

सवाल 3: बाइक टैक्सी में यात्री का भी बीमा होता है, या सिर्फ गाड़ी और ड्राइवर का?

जवाब- रैपिडो में यात्री के लिए भी अलग बीमा कवर है। इसके अलावा गाड़ी का थर्ड पार्टी बीमा भी होता है। दोनों का कवरेज अलग है।

गाड़ी का बीमा: हर गाड़ी का कम से कम थर्ड पार्टी बीमा कानूनन जरूरी है। हादसे में यात्री को इससे मुआवजा मिलेगा या नहीं, यह गाड़ी के रजिस्ट्रेशन, परमिट, बीमा पॉलिसी की शर्तों और यात्री की स्थिति पर निर्भर करता है।

ऐप का यात्री बीमा: रैपिडो पर ACKO जनरल इंश्योरेंस का ग्रुप ट्रैवल इंश्योरेंस उपलब्ध है। इसे लेने के लिए राइड बुक करते समय ऐप में ट्रैवल इंश्योरेंस का विकल्प चुनना होता है। यानी यह हर राइड पर अपने आप लागू नहीं होता। बीमा बाइक पर बैठने से लेकर उतरकर ट्रिप खत्म होने तक लागू रहता है।

ACKO की पॉलिसी के मुताबिक इसमें ये कवर मिलते हैं

  • दुर्घटना में मौत या स्थायी दिव्यांगता पर 5 लाख रुपए तक।
  • अस्पताल में भर्ती होने पर इलाज के खर्च के लिए 1 लाख रुपए तक। इसके लिए कम से कम 24 घंटे भर्ती होना जरूरी है।
  • OPD इलाज के लिए 3,000 रुपए तक।
  • अस्थायी दिव्यांगता पर हर महीने 16,666 रुपए, अधिकतम 2 लाख रुपए तक।
  • अंतिम संस्कार के लिए 5,000 रुपए।

क्लेम कैसे करें: रैपिडो ऐप में Your Rides खोलकर संबंधित राइड चुनें और I want to claim insurance पर टैप करें। ACKO की वेबसाइट पर रैपिडो में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करके भी क्लेम किया जा सकता है। अस्पताल के बिल, डिस्चार्ज समरी और मौत या दिव्यांगता की स्थिति में संबंधित प्रमाणपत्र जमा करने होंगे।

रैपिडो की शर्तों के मुताबिक, कंपनी खुद बीमा नहीं बेचती। बीमा क्लेम का मामला यात्री और ACKO के बीच होता है।

सवाल 4: हादसे में यात्री घायल हो जाए या जान चली जाए, तो इलाज और मुआवजा कौन देगा?

जवाब- इसके चार अलग-अलग रास्ते हैं…

1. इलाज: PM-RAHAT योजना के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को 7 दिन तक अधिकतम 1.5 लाख रुपए का कैशलेस इलाज मिल सकता है। यह सुविधा योजना से जुड़े अस्पतालों में मिलती है। 112 पर कॉल करके ऐसे अस्पताल की जानकारी ली जा सकती है।

2. बिना गलती साबित किए मुआवजा: मोटर वाहन अधिनियम की धारा 164 के तहत हादसे में मौत पर 5 लाख और गंभीर चोट पर 2.5 लाख रुपए का मुआवजा तय है। इसमें यह साबित करने की जरूरत नहीं होती कि गलती किसकी थी।

3. MACT में दावा: परिवार मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) में भी मुआवजे का दावा कर सकता है। यहां मृतक की उम्र, कमाई और परिवार के आश्रितों के आधार पर रकम तय होती है। दावा वाहन मालिक और बीमा कंपनी के खिलाफ किया जा सकता है। भुगतान की जिम्मेदारी मामले के तथ्यों और बीमा कवरेज पर निर्भर करती है।

4. हिट एंड रन: अगर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाती, तो सरकारी योजना के तहत मौत पर 2 लाख और गंभीर चोट पर 50 हजार रुपए मिलते हैं।

सपना के मामले में डंपर की पहचान हो चुकी है, इसलिए परिवार MACT में मुआवजे का दावा कर सकता है। ऐप का यात्री बीमा लिया गया हो, तो उसका क्लेम इन सबसे अलग होगा।

सवाल 5: निजी व्यक्ति या रेंटल कंपनी से गाड़ी किराये पर लें, तो क्या नियम वही होंगे?

जवाब- नहीं। यहां सबसे जरूरी है कि गाड़ी किस इस्तेमाल के लिए रजिस्टर्ड है और उसका बीमा क्या कवर करता है।

पैसे लेकर सवारी ढोने वाली गाड़ी: इसके लिए सही रजिस्ट्रेशन वर्ग, परमिट और उसी इस्तेमाल को कवर करने वाली बीमा पॉलिसी जरूरी है। अगर गाड़ी का इस्तेमाल पॉलिसी की शर्तों के खिलाफ हो रहा था, तो बीमा कंपनी क्लेम पर आपत्ति कर सकती है।

सेल्फ-ड्राइव में फर्क: ड्राइवर के साथ किराये की गाड़ी में हादसे की जिम्मेदारी ड्राइवर, मालिक और बीमा कंपनी के बीच तय होती है। सेल्फ-ड्राइव में चालक आप खुद हैं, इसलिए आपकी गलती से हादसा हुआ तो जिम्मेदारी आप पर भी आ सकती है।

नंबर प्लेट से क्या समझें: आमतौर पर सफेद प्लेट निजी और पीली प्लेट व्यावसायिक इस्तेमाल वाली गाड़ी की पहचान होती है। लेकिन सिर्फ प्लेट देखकर गाड़ी के वैध इस्तेमाल का फैसला नहीं किया जा सकता। रजिस्ट्रेशन और परमिट भी जांचें।

किराये पर लेने से पहले देखें: गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, चालू बीमा पॉलिसी और ड्राइवर का वैध लाइसेंस। ट्रिप का रिकॉर्ड, किराये का समझौता और भुगतान की रसीद भी संभालकर रखें। शिकायत या क्लेम के समय ये दस्तावेज काम आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *