पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना में दिखेगी मोहन की सोच के मध्यप्रदेश की झलक … कौशल किशोर चतुर्वेदी

पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना में दिखेगी मोहन की सोच के मध्यप्रदेश की झलक …
मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार के तीन साल पूरे होने को हैं। ऐसे में अब
मोहन की सोच के मध्य प्रदेश की झलक दिखने लगी है। एशिया में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट ‘पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ इस बात को प्रमाणित करता है। इस परियोजना को बिजली उत्पादन में प्रदेश की लंबी छलांग के रूप में देखा जा रहा है। यह प्रोजेक्ट पीक ऑवर्स में तुरंत 2 हज़ार मेगावाट बिजली उपलब्ध कराएगा। और विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए यह एक तीर्थ बनेगा। हो सकता है कि आने वाले समय में मोहन सरकार के समय का यह प्रोजेक्ट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
बिजली उत्पादन के क्षेत्र में हाइड्रो पावर प्लांट और पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज एक नई तकनीक है। गांधीसागर में निर्मित पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। इसके प्रारंभ होने के बाद प्रदेश में बिजली की मांग के पीक ऑवर्स में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज से 2 हज़ार मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा और मांग के अनुरूप तुरंत बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। इससे प्रदेश में चौबीसों घंटे बिजली की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित होगी और इस तरह से उत्पादित बिजली का मूल्य भी सामान्य से लगभग आधा होगा। यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना सिर्फ देश का ही नहीं, पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मानना है कि यह पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना मध्यप्रदेश के लिए बिजली उत्पादन के मामले में एक बहुत लंबी छलांग है। इस परियोजना के लोकार्पण के बाद यहां स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भी भ्रमण के लिए लाया जाएगा, ताकि वे यह सीख सकें कि बिजली इस तरह से भी उत्पादित की जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार नवाचार और जनकल्याण कार्यों को बढ़ावा देते हैं। ऐसे में पानी से बिजली बनाने का यह प्रोजेक्ट विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए किसी तीर्थ से कम नहीं होगा।
एशिया की सबसे बड़ी परियोजना गांधीसागर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज प्रोजेक्ट
नीमच जिले के गांधीसागर में ग्रीनको ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही है।1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली ‘गांधीसागर’ पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर 11500 करोड रुपए का निवेश किया जा रहा है। पूर्ण होने पर इसमें 1920 मेगावाट पूर्ण क्षमता पर लगातार 6 घंटे विद्युत उत्पादन किया जा सकेगा। परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक के गांव में स्थापित की जा रही है। परियोजना का निर्माण लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। परियोजना देश और पूरे एशिया में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र ‘पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना’ है। इसमें दो जलाशय शामिल हैं। निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय (कुल क्षमता लगभग 270 टीएमसी/7643.70 एमसीएम) है। परियोजना में गांधीसागर जलाशय से केवल 2.4 टीएमसी (67.66 एमसीएम) पानी का गैर-उपभोक्ता (नॉन-कंज़म्प्टिव) पुनः उपयोग किया जाएगा। यानी पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे चक्रिय रूप में बार-बार इस्तेमाल किया जाएगा। पंपिंग मोड (ऊर्जा भंडारण) अन्तर्गत दिन या रात के समय ग्रिड से मिलने वाली अतिरिक्त सौर या पवन ऊर्जा से दो दिशाओं में (आगे-पीछे) चलने वाली मोटरों के ज़रिए पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप करके संग्रहित किया जाएगा। टरबाइन मोड (बिजली उत्पादन) अन्तर्गत अधिक मांग वाले व्यस्त समय (पीक ऑवर्स) में ऊपरी जलाशय से पानी निचले जलाशय में छोड़ा जाता है, जिससे मोटरें उल्टी दिशा में घूमकर टरबाइन के रूप में आपूर्ति योग्य नवकरणीय (बिजली) पैदा की जाएगी। परियोजना 1920 मेगावाट की पूरी क्षमता पर लगातार 6 घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकती है। टरबाइन मोड में इसका रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है। परियोजना की राउंड ट्रिप एफीशिएंसी यानी संग्रहित ऊर्जा को वापस देने की क्षमता लगभग 80% रहने का अनुमान है। इसमें कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं, इनसे कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। पम्पिंग और उत्पादित बिजली की निकासी के लिए यह परियोजना 60 किमी दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी पीजीसीआईएल/सीटीयू सब स्टेशन से जुड़ी है। दिसंबर 2026 में इस परियोजना के टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन शुरू होगा। जून 2027 से पूरी परियोजना का कमर्शियल ऑपरेशंस पूर्ण रूप से शुरू होगा। परियोजना में लगभग 4 हजार लोगों को रोजगार मिला है। संचालन एवं रखरखाव शुरु होने पर इस परियोजना से लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा।
जब मोहन यादव सरकार अपने 3 साल के कार्यकाल को पूरा करने जा रही है, तब उनकी सोच का जो मध्य प्रदेश अब सामने आने लगा है। मध्यप्रदेश में मोहन यादव सरकार के समय की उपलब्धियों में पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना प्रमुख रूप से शामिल है। और एशिया की यह अनूठी परियोजना आगामी समय में राष्ट्रीय स्तर पर
मध्य प्रदेश की एक नई पहचान बनेगी… निश्चित तौर पर पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना में मोहन की सोच के मध्यप्रदेश की झलक दिखेगी…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *