सोनिया गांधी की किताब पर सियासी घमासान: प्रदर्शन में किताब फाड़ते-फाड़ते शाइना NC ने फाड़ी बाल ठाकरे की तस्वीर, टोकने पर रुकीं; संजय राउत बोले- जहां भी ये लोग दिखें, इनकी पिटाई करो

शिवसेना की ओर से सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान विवाद हो गया।

शिवसेना के नेताओं ने बुधवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की

बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब फाड़ी जा रही थी। इसी दौरान शाइना एनसी ने गलती से शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी। जब किसी ने उन्हें इस बारे में टोका तो वे झेंप गईं।इस पर शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने शिवसेना नेताओं पर बालासाहब ठाकरे के अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने X पर लिखा- जहां भी ये लोग दिखें, इनकी पिटाई करो।

दरअसल, शिवसेना सोनिया की किताब को बैन करने की मांग कर रही थी। पार्टी का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है।उधर, कांग्रेस की सहयोगी पार्टी YSR कांग्रेस और BRS ने भी इस किताब को लेकर नाराजगी जताई है।सोनिया की किताब 10 नवंबर को बाजार में बिकना शुरू हुई थी। 16 नवंबर को लॉन्च की गई।

शिवसेना की नाराजगी की 2 वजह

1. पेज नंबर 201 पर सावरकर का जिक्र

RSS की राजनीति को लेकर इंदिरा गांधी की नाराजगी आजादी की लड़ाई के समय से ही थी। जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों की मार झेल रहे थे और जेल जा रहे थे, तब RSS के बड़े विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे। RSS के कुछ सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिरी भी करते थे। RSS, कांग्रेस और उसकी विचारधारा को हिंदू राष्ट्र बनाने की राह में सबसे बड़ी रुकावट मानता था। इस सोच में दूसरे धर्मों के लोगों को दूसरे दर्जे का नागरिक माना जाता था।

RSS के बड़े विचारकों ने अपनी किताबों और भाषणों में हिटलर और अल्पसंख्यकों को लेकर उसकी नीतियों की तारीफ की थी। इंदिरा गांधी को डर था कि ऐसी विचारधारा देश की एकता के लिए खतरा बन सकती है। इमरजेंसी लगाने से पहले इंदिरा गांधी के मन में यह सवाल था कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए या देश को सांप्रदायिक और दक्षिणपंथी ताकतों से बचाने के लिए कड़ा कदम उठाना चाहिए।

2. पेज नंबर 443 पर हिंदू सुप्रीमेसिस्ट का जिक्र-

इस पेज पर सावरकर को ‘हिंदुत्व’ विचारधारा का जनक बताया गया है। कहा गया है कि उन्होंने भारत को मुख्य रूप से ‘जहां हिंदू सबसे ऊपर हैं’ (हिंदू सुप्रीमेसिस्ट) के नज़रिए से देखा और संघ परिवार और BJP इसी भूमिका को आगे बढ़ा रहे हैं। शिवसेना ने आरोप लगाया कि यह झूठी कहानी फैलाने की एक चाल है।

सोनिया गांधी की किताब 16 नवंबर को दिल्ली के ITC मौर्य होटल में लॉन्च की गई थी।

YSR कांग्रेस और BRS ने भी नाराजगी जताई

राजशेखर रेड्डी ने कांग्रेस को मजबूत किया: YSR कांग्रेस के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वाईएस राजशेखर रेड्डी (YSR) के योगदान का जिक्र क्यों नहीं किया। YSR ने पदयात्रा के जरिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत किया था। उनकी वजह से 2004 और 2009 में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली और केंद्र में यूपीए सरकार बनाने में भी मदद मिली।

BRS- सोनिया के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं: भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लिए सोनिया गांधी के दिल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया की किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *