भोपाल सेंट्रल जेल में 2 महीने से बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की मौत पर हंगामा, वेंटिलेटर पर भी पैरों में पड़ी थीं बेड़ियां; चाचा का आरोप- इलाज के नाम पर पैसे मांगते थे जेल के डॉक्टर, लापरवाही से गई जान

भोपाल सेंट्रल जेल में दो महीने से बंद 21 साल के छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी होने पर परिजन नाराज हो गए। उन्होंने मॉर्चरी के बाहर हंगामा किया और पुलिस और जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजन ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजन का आरोप है कि जेल में करीब दो महीने से हर्षित की तबीयत खराब थी। उन्होंने कई बार उसके इलाज की मांग की, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिला।

हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की मेडिकल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले वे हर्षित से मिलने जेल गए थे। उस समय उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर इलाज करने के लिए पैसे मांगते हैं।

चाचा के मुताबिक, हर्षित ने यह भी बताया था कि जब वह अस्पताल जाता था, तो डॉक्टर उसे रोज ड्रामा करने की बात कहकर वापस भेज देते थे। जेल में और परेशानी होने के डर से वह इसकी शिकायत करने से भी घबराता था।

छात्र वेंटिलेटर पर था, फिर भी पैरों में बेड़ियां पड़ी थीं।

परिजन का आरोप- आवेदन देने के बाद भी नहीं मिला इलाज

हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट और लूटपाट के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

परिजन का आरोप है कि जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। परिवार ने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि आवेदन देने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी।

उनके मुताबिक, हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।

पोस्टमॉर्टम में देरी पर नाराजगी, शव रखकर प्रदर्शन की चेतावनी

शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी होने पर परिजन ने मॉर्चुरी परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि जेल प्रशासन अपनी लापरवाही छिपाने के लिए प्रक्रिया में देरी कर रहा है। सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वे करणी सेना के संभाग अध्यक्ष हैं।

राजपूत समाज ने चेतावनी दी है कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा। हर्षित के परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और बहन हैं। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में है।

युवक को उल्टी-दस्त की शिकायत थी, लगातार चल रहा था इलाज : जेल अधीक्षक

जेल सुपरिंटेंडेंट मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि जेल में बंद युवक को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। जेल के डॉक्टर उसका लगातार इलाज कर रहे थे। डॉक्टर ने भी उसे इसी बीमारी से पीड़ित बताया था। इसकी जानकारी कोर्ट को भी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि युवक की मौत न्यायिक अभिरक्षा में हुई है, इसलिए यह कस्टोडियल डेथ का मामला है। इसकी न्यायिक जांच शुरू हो गई है। अस्पताल में भी युवक को नियमानुसार रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *