पंचकूला में CBI ने CGST के एक सुपरिटेंडेंट को 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लवकुश के रूप में हुई है।उसने एक प्राइवेट फर्म को करीब 30 करोड़ रुपए के फर्जी जीएसटी इन्वायस पर राहत देने और जुर्माना नहीं लगाने के बदले 50 लाख रुपए की डिमांड की थी।
बाद में रिश्वत की रकम 25 लाख रुपए तय हुई। इसमें से 10 लाख रुपए पहली किस्त के तौर पर देने थे। फर्म के पार्टनर ने इसकी शिकायत CBI से की थी। इस पर एक्शन लेते हुए CBI ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप बिछाया।

पंचकूला स्थित GST भवन, जहां सुपरिटेंडेंट की तैनाती थी।
जुर्माने से बचाने का भरोसा दिया था
CBI के अनुसार, एक प्राइवेट फर्म के खिलाफ जीएसटी की कार्रवाई चल रही थी। फर्म के पार्टनर ने सुपरिटेंडेंट लवकुश के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने कार्रवाई के मामले में फेवर करने, भारी पेनल्टी नहीं लगाने और आगे कोई डिमांड नोटिस जारी नहीं करने के बदले 50 लाख रुपए मांगे थे।
रिश्वत 50 से घटाकर 20 लाख की, फिर 25 लाख मांगे
शिकायत मिलने पर CBI ने 19 नवंबर को केस दर्ज किया और आरोपों की पुष्टि की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने पहले 50 लाख रुपए की मांग घटाकर 20 लाख रुपए कर दी थी।
हालांकि, वेरिफिकेशन के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने बाद में अपनी मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दी। वह 10 लाख रुपए पहली किस्त के तौर पर लेने को तैयार हो गया था।
CBI ने ट्रैप लगाकर पकड़ा, रिश्वत की पूरी रकम बरामद
CBI की टीम ने गुरुवार को पंचकूला में ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी सुपरिटेंडेंट को 10 लाख रुपए दिए, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।