सिंहस्थ में लाखों श्रद्धालुओं का बोझ उठाने वाले जिस पुल पर साढ़े 17 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं, उसकी नींव में 100 फीट गहराई के बजाय सिर्फ 10 फीट तक सरिया रहने का दावा सामने आया है।
शिप्रा नदी पर तपोभूमि से हामूखेड़ी तक बन रहे ब्रिज के पूर्व लेबर कांट्रेक्टर सचिन अग्रवाल का आरोप है कि निरीक्षण की फोटोग्राफी के बाद सरिए का जाल निकाल लिया गया और ऊपर से सीधे सीमेंट-कांक्रीट भर दिया गया।
फुटिंग, पाइल, पिलर और रिटेनिंग वॉल से सौ टन से ज्यादा सरिया निकालने का दावा करने वाला वीडियो और वॉट्सऐप चैट अग्रवाल ने “प्रदेश प्रकाश” को सौंपे हैं। वीडियो में कंपनी मैनेजर के वीडियो डिलीट करने की मिन्नत भी रिकॉर्ड है।
निर्माण कंपनी के पूर्व लेबर कांट्रेक्टर सचिन अग्रवाल ने यह भी दावा किया है कि कांट्रेक्टर कंपनी ने यहां बिना सरिए के फुटिंग तो बना दी, इसके साथ ही ब्रिज के पिल्लर, रिटर्निंग वाल और पाइल में से भी सरिया निकालकर सीमेंट कांक्रीट कर दिया।

निरीक्षण फोटोग्राफी के बाद सरीए गायब
पूर्व लेबर कांट्रेक्टर अग्रवाल का दावा है कि ब्रिज की नींव तो (30 मीटर) 100 फींट खोदी गई और दिखाने के लिए पहले सरीए का जाल भर गऐ, लेकिन निरीक्षण फोटोग्राफी के बाद इसे निकालकर मात्र 10 फीट तक सरीए रहने दे रहे है,जिससे तय है कि नींव कमजोर रहेगी। बता दे कि इन ब्रिज पर से सिंहस्थ में बड़ी संख्या में गाड़ियां गुजरेगी। इस भ्रष्टाचार के कारण उस दौरान कोई हादसा होता है तो सैकड़ों लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
कांक्रीट के पहले निकाल लिया सरिया
वीडियो से स्पष्ट हो रहा है कि फुटिंग वर्क के वक्त एस्ट्रवार का सरिया तो पूरा ही खोल लिया गया और सीधें कांक्रीट डाल दी गई। इसके अलावा रिटर्निंग वाल में से भी सरिया निकाला गया और सरिया निकालने के तुरंत बाद ही उसे सीमेंट-कांक्रीट कर दिया ताकि अंदर का कुछ नजर नहीं आए। वहीं सरिए के टूकड़े भी सेकेंडरी के है,जिसे वेल्ड कर लगाया जा रहा है। दावा है कि करीब सौ टन से अधिक सरिया पाइल-पिलर, फुटिंग और रिटर्निंग वाल की फाइनल सेंटिंग से निकालकर तुरंत सीमेंट कांक्रीट कर दिया गया है ताकि चोरी पकड़ी नहीं जा सके। स्ट्रक्चर इंजीनियरिंग के मुताबिक ऐसा किया जाना गलत है।

अधिकारी कर रहे कंपनी की वकालात
बता दे कि सिंहस्थ के लिए शहर में करीब 21 ब्रिज बनाए जा रहे हैं। जिसका काम पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण विभाग करा रहा हैं। इस ब्रिज के सामने आए वीडियों को देखकर अन्य सभी काम भी शंका के घेरे में आ रहे हैं। क्योंकि इस प्रोजेक्ट के जिम्मेदार पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मामले की पूरी जानकारी है। इसलिए इस संबंध में संभवत: अपने हितो की खातिर पूछे जाने पर सभी जांच की बजाए कंपनी और लेबर कांट्रेक्टर का विवाद बताकर उसे सुलझाने की वकालत करते नजर आए। वहीं ब्रिज बना रही मे. इंडीड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के एमडी राकेश माथुर से चर्चा के प्रयास किए गए, लेकिन उन्होंने कॉल रीसिव नहीं किया।

17 करोड़ की लागत से बन रहा ब्रिज
इंदौर रोड़ स्थित तपोभूमि से हामूखेड़ी तक शिप्रा नदी पर इंडीड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रालि ब्रिज बना रही है। 1726.67 लाख यानी करीब साढ़े 17 करोड़ की लागत से बन रहे इस ब्रिज का जिस तरह से निर्माण किया जा रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि निर्माणकर्ता एजेंसी को इसकी मजबूती से कोई लेनादेना नहीं है। वहीं इस पूरे मामले में अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
