संसद का मानसून सत्र बना रिकॉर्डधारी: 100 दिन बाद भी सत्रावसान नहीं, 114 घंटे में लोकसभा ने सिर्फ 17.5 घंटे किया काम

संसद का 2026 का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 100 दिन बाद भी औपचारिक रूप से खत्म नहीं हुआ है। यह एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 2008 में संसद का सत्र 87 दिन तक बिना औपचारिक समापन के रहा था।

मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन अब तक दोनों सदनों का सत्र औपचारिक रूप से खत्म नहीं हुआ है।

इस बीच, महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाने की चर्चा है। सरकार ने अब तक इसकी तारीख और अवधि घोषित नहीं की है।

लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने का प्रस्ताव

प्रस्तावित संविधान संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की योजना है। इसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता साफ करना है।

सरकार दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50% तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है। एक प्रस्ताव यह भी है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए। हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

दिसंबर के पहले हफ्ते में शीतकालीन सत्र संभव

सरकार मानसून सत्र के समापन का ऐलान नहीं कर रही है। इस बीच दिसबंर के पहले हफ्ते में शीतकालीन सत्र शुरू होने की भी संभावना है।

मौजूदा सत्र को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम दो दिन का नोटिस देना जरूरी है। वहीं, नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन का नोटिस देना होता है।

संविधान में यह तय नहीं किया गया है कि किसी सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के कितने समय बाद उसका सत्रावसान होना चाहिए। इसलिए लंबे समय तक सत्रावसान नहीं करना अपने आप में किसी संवैधानिक या प्रक्रियागत नियम का उल्लंघन नहीं है।

मानसून सत्र में लोकसभा में 114 घंटे में से 96 घंटे काम नहीं हुआ

मानसून सत्र में लोकसभा की 19 बैठकें हुईं। सदन की सामान्य बैठक सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक होती है। दोपहर 1 से 2 बजे तक लंच ब्रेक रहता है। यानी एक दिन में करीब 6 घंटे कार्यवाही का समय होता है।

इस हिसाब से 19 बैठकों में करीब 114 घंटे कार्यवाही होनी थी, लेकिन यह करीब 17 घंटे 30 मिनट ही चली। यानी करीब 96 घंटे 30 मिनट कम कार्यवाही हुई।

वहीं, 2025 का मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक चला था। इसमें लोकसभा और राज्यसभा की 21-21 बैठकें हुईं। लोकसभा में सिर्फ 37 घंटे काम हुआ था।

 

राज्यसभा में 114 घंटे में से 76 घंटे 34 मिनट काम नहीं हुआ

मानसून सत्र में राज्यसभा की बैठकें भी लोकसभा के बराबर रहीं और 114 घंटे कार्यवाही होनी थी, लेकिन राज्यसभा में लगभग 37 घंटे 24 मिनट काम हुआ। यानी करीब 76 घंटे 36 मिनट कम कार्यवाही हुई।

मानसून सत्र में 12 नए बिल पेश, 11 दोनों सदनों में पास

2026 के मानसून सत्र में कुल 12 नए बिल पेश किए गए। इनमें 10 लोकसभा और 2 राज्यसभा में पेश हुए। लोकसभा में आए बिल टैक्स, बैंकिंग, खनन, ट्रिब्यूनल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, परीक्षा में नकल रोकने, केरल का नाम बदलने और सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या जैसे मुद्दों से जुड़े हैं।

माइंस एंड मिनरल्स संशोधन बिल के राज्यसभा से पास होने के बाद अब 12 में से 11 बिल दोनों सदनों से पास हो चुके हैं। केवल भारतीय सांख्यिकी संस्थान बिल अभी दोनों सदनों से पास नहीं हुआ है। राज्यसभा में पेश किए गए दोनों बिल भी लोकसभा से पास हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *