
इंग्लैड के खिलाफ चेन्नई टेस्ट हारने के साथ ही भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पहले स्थान से खिसकते हुए सीधे चौथे नंबर पर आ गया है. यह पहला मौका है जब प्वाइंट्स टेबल में भारत इतना नीचे खिसका है. विराट कोहली की कप्तानी में भारत की टेस्ट मैच में ये लगातार चौथी हार है. इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर का मानना है कि अगर भारत इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाला दूसरा टेस्ट मैच भी हार जाता है, तो विराट कोहली को कप्तानी से इस्तीफा दे देना चाहिए.
मोंटी पनेसर ने वियोन से कहा, “विराट कोहली अब तक के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक हैं. लेकिन टीम अब उनकी कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही है और हमारे पास कोहली की कप्तानी में खेले गए भारत के अंतिम चार टेस्ट मैचों के परिणाम हैं. मुझे लगता है कि कोहली अभी और दबाव में होंगे, क्योंकि रहाणे ने कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया है.”
भारत को इंग्लैंड के साथ जारी चार मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट शनिवार से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलना है. इंग्लैंड ने पहला टेस्ट जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ले रखी है. इंग्लैंड से मिली हार से पहले भारत अपने घर में पिछले 14 टेस्ट मैचों से अजेय था.
मोंटी मनेसर ने कहा, “भारत पहले ही उनकी कप्तानी में चार टेस्ट मैच हार चुका है और अगर अगले मैच में यह संख्या पांच हो जाती है, तो मुझे लगता है कि कोहली को अपने पद से हट जाना चाहिए.”
2012-13 में भारत दौरे पर 17 विकेट लेकर इंग्लैंड की ऐतिहासिक सीरीज जीत में योगदान देने वाले पनेसर ने साथ ही कुलदीप यादव की जगह शाहबाज नदीम को खेलाने के टीम प्रबंधन के फैसले की कड़ी आलोचना की.
कोहली की कप्तानी में भारत पिछले वर्ष न्यूजीलैंड दौरे पर गया था, जहां उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा था.
इसके बाद हाल में ऑस्ट्रेलिया दौरे में एडिलेड में खेले गए पहले दिन-रात्रि टेस्ट में उसे आठ विकेट से पराजय मिली थी. हालांकि इसके बाद कोहली अपने पहले बच्चे के जन्म बाद स्वदेश लौट गए थे और उनकी गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे ने टीम की कमान संभाली थी.