द्रविड़ के बाद सचिन को कप्‍तान बनाना चाहते थे पवार, फिर धोनी को कैसे मिली टीम इंडिया की कमान? जानिए

महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट के सफलतम कप्‍तान हैं। अपनी कप्‍तानी में वनडे और टी-20 विश्‍व कप जिताया। धोनी की गिनती दुनिया के सबसे बेहतरीन कप्‍तानों में होती आई है। मैदान पर अपने फैसलों से उन्‍होंने कई बार मैच का रुख मोड़ा। मगर धोनी को भारतीय क्रिकेट टीम की कप्‍तानी मिली कैसे? उस वक्‍त भारतीय क्रिकेट कंट्रोल अध्‍यक्ष रहे शरद पवार ने इस बारे में कुछ तथ्‍य सामने रखे हैं। नैशनलिस्‍ट कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार 2005 से 2008 के बीच BCCI चीफ थे। जब भारत की टीम इंग्‍लैंड के दौरे पर गई थी तो राहुल द्रविड़ कप्‍तान थे।

पवार के मुताबिक, द्रविड़ ने दौरे के बीच में कहा कि कप्‍तानी की वजह से उनकी बैटिंग पर असर पड़ रहा है और वह इस्‍तीफा देना चाहते हैं। पवार ने सचिन तेंडुलकर से कप्‍तानी संभालने को कहा मगर उन्‍होंने मना कर दिया।  शरद पवार के अनुसार, उन्‍होंने सचिन से पूछा, “फिर देश (की टीम) का नेतृत्‍व कौन करेगा?” सचिन ने महेंद्र सिंह धोनी का नाम लिया। बकौल पवार सचिन ने कहा, “हमारे पास एक खिलाड़ी है जो भारतीय क्रिकेट को दुनियाभर में मशहूर कर सकता है।” पवार के मुताबिक, फिर धोनी को कप्‍तानी दे दी गई और उनके नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट को दुनियाभर में पहचान मिली।

ध्यान दिला दें कि साल 2007 में द्रविड़ की कप्तानी में भारत विंडीज में हुए फिफ्टी-फिफ्टी वर्ल्ड कप के नॉकआउंड राउंड में भी नहीं पहुंच सकता था, जिससे टीम को फैंस का रोष झेलना पड़ा था. वहीं ग्रेग चैपल के सीनियर क्रिकेटरों के रवैये को लेकर भूचाल सा आ गया था. सीनियरों ने दक्षिण अफ्रीका में हुए पहले टी20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले लिया, तो सेलेक्टरों ने एमएस धोनी को टीम की कप्तानी सौंपी और इसके बाद एक-एक करके धोनी इतिहास रचते गए. धोनी ने साल 2011 में घर में आयोजित वर्ल्ड कप जीता, तो 2013 में उनके नेतृत्व में भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती.

बेहतरीन है धोनी का रिकॉर्ड
धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैचों की 144 पारियों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए। टेस्ट में उनके नाम छह शतक और 33 अर्धशतक दर्ज है और उनका सर्वोच्च स्कोर 224 है। वहीं, 350 वनडे मैचों की 297 पारियों में उन्होंने 50.57 की औसत से 10773 रन बनाए हैं। इसमें उनके नाम 10 शतक और 73 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 183 हैं। दुनिया के सबसे सर्वश्रेष्ठ फिनिशर माने जाने वाले धोनी ने 98 टी 20 मैचों में 37.60 की औसत से 1617 रन बनाए हैं। इसमें उनके नाम दो अर्धशतक हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 56 हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *