
पहले टी-20 में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली का परफॉर्मेंस बेहद ही खराब रहा. कोहली बिना रन बनाए आउट हुए. कोहली को इंग्लैंड स्पिनर आदिल रशीद ने चकमा देकर आउट कर दिया. विराट को यकीन ही नहीं हुआ कि वो आसान सा कैच देकर इस तरह से भी आउट हो सकते हैं. कोहली ने 4 गेंद का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खोल पाए. इंटरनेशनल क्रिकेट में कोहली 14वीं बार शून्य पर आउट हुए हैं. ऐसा कर उन्होंने सौरव गांगुली का अजीब सा रिकॉर्ड तोड़ दिया. कोहली बतौर कप्तान भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड बना दिया. गांगुली बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 13 बार शून्य पर आउट हुए थे तो वहीं एम एस धोनी 11 बार कप्तान के तौर पर बल्लेबाजी करने के क्रम में शून्य पर आउट हुए हैं.
कोहली के शून्य पर आउट होने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने ट्विटर पर एक संदेश जारी करके चुटकी ली, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.उत्तराखंड पुलिस ने ट्वीट किया और लिखा, ‘हेलमेट लगाना ही काफ़ी नहीं है, पूरे होशोहवास में गाड़ी चलाना ज़रूरी है, वरना कोहली की तरह आप भी ज़ीरो पर आउट हो सकते हैं.’ उत्तराखंड पुलिस का ये अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
सोशल मीडिया में अब तक ये ट्वीट साढ़े चार हजार बार रिट्वीट हो चुका है। यूजर्स उत्तराखंड पुलिस को क्रिएटिव पुलिस बता रहे हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में जब टीम का ऐलान किया तो हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, रोहित शर्मा को आराम दिया गया था, जबकि शिखर और केएल राहुल ने ओपनिंग की। ये दोनों ही बल्लेबाज फेल रहे। इतना ही नहीं, कोहली भी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद क्रिकेट फैंस ने भारतीय कप्तान को ट्रोल करना शुरू कर दिया।