एमबीबीएस डॉक्टर अपनी जगह दूसरे से दिलवा रहा था परीक्षा,इस तरह गिरफ्त में आया शातिर

सरिता विहार थाना पुलिस ने विदेश से एमबीबीएस की डिग्री लेकर लौटे ऐसे डॉक्टर को गिरफ्तार किया है जो अपनी जगह दूसरे युवक से परीक्षा दिला रहा था। ताकि वह भारत में मेडिकल प्रैक्टिस कर सके. मूलरूप से पाली, राजस्थान निवासी आरोपी डॉक्टर मनोहर सिंह (35) की एमबीबीएस की डिग्री, एप्लीकेशन फार्म और एडमिट कार्ड जब्त कर लिया गया है। आरोपी ने ताजिक स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी, ताजिकिस्तान से एमबीबीएस की डिग्री ली है।

मनोहर सिंह ने खुद को फॉरेन मेडिकल ग्रैजुएट एग्जाम (FMGE) के लिए रजिस्टर्ड करवाया था. जिसकी परीक्षा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत NBE (नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जाम) द्वारा आयोजित कराई जाती है. यह उन लोगों के लिए लाइसेंस परीक्षा होती है, जिन्होंने मेडिकल की पढ़ाई विदेश से पूरी की हो. इसको पास करने के बाद भारत में प्रैक्टिस की अनुमति मिल जाती है.

पुलिस के अनुसार दिसंबर 2020 में इसकी परीक्षा हुई थी और मनोहर को मथुरा रोड के एक टेस्ट सेंटर में जाकर यह परीक्षा देनी थी. मनोहर का रिजल्ट रोक दिया गया था क्योंकि एडमिट कार्ड में लगी फोटो और परीक्षा देने के लिए पहुंचे युवक की फोटो में मिलान नहीं हुआ था. आरोपी को फेस आईडी वेरिफिकेशन के लिए चार फरवरी 2021 को बुलाया गया था लेकिन ये वहां नहीं पहुंचे.

डिप्टी कमिश्नर (साउथ इस्ट) आरपी मीणा ने बताया कि बुधवार को मनोहर फेस आईडी वेरिफिकेशन के लिए NBE के ऑफिस पहुंचा, वहां जब परीक्षा देने गए शख्स ने चेहरे का मिलान किया गया तो इसमें अंतर मिला. इसके बाद मनोहर से कुछ सवाल किए गए जिनके जवाबों ने शक को और गहरा कर दिया और आरोपी को थाने लेकर आया गया.

आरपी मीणा ने बताया कि मनोहर को गिरफ्तार कर लिया गया है, साथ ही उसकी MBBS की डिग्री और एडमिट कार्ड भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस अधिकारी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तजाकिस्तान से MBBS की डिग्री ली है और पिछले 6 सालों से FMGE का एग्जाम पास करने की कोशिश कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *