MS Dhoni monk look: एमएस धोनी के साधु अवतार का खुलासा हुआ, जानिए क्‍या है पूरा मामला

एमएस धोनी के साधु अवतार पर बने रहस्‍य का खुलासा रविवार को हो गया जब आईपीएल के प्रसारणकर्ता चैनल स्‍टार स्‍पोर्ट्स ने एक विज्ञापन जारी किया। इस विज्ञापन में नजर आ रहा है कि एमएस धोनी स्‍टूडेंट्स के गुरु बने हुए हैं, जो आईपीएल का नया मंत्र सिखा रहे हैं। बता दें कि धोनी आईपीएल 2021 में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स का नेतृत्‍व करते हुए नजर आएंगे।

विज्ञापन में नजर आ रहा है कि स्‍टूडेंट्स जानना चाह रहे हैं कि रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल खिताब जीतने की हैट्रिक बना पाएंगे? इस पर धोनी ये कहकर विज्ञापन का अंत करते हैं कि किसका मंत्र काम आएगा ये तो…। बता दें कि एमएस धोनी का साधु अवतार सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे थे कि एमएस धोनी क्‍या करने वाले हैं।

याद हो कि एमएस धोनी ने 15 अगस्‍त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्‍यास ले लिया था। इसके बाद आईपीएल 2020 को उनका आखिरी सीजन माना जा रहा था, लेकिन धोनी ने सीएसके के आखिरी लीग चरण मैच में स्‍पष्‍ट कर दिया था कि वह आईपीएल 2021 में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। धोनी कुछ समय पहले ही चेन्‍नई पहुंचे हैं और नेट्स पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। धोनी के अलावा अंबाती रायुडू, रुतुराज गायकवाड़ और अन्‍य खिलाड़ी शिविर में पहुंच गए हैं। सीएसके के उप-कप्‍तान सुरेश रैना के जल्‍द ही कैंप से जुड़ने की उम्‍मीद है।

9 अप्रैल से शुरू होगा आईपीएल का घमासान
बता दें कि आईपीएल-14 की शुरूआत 9 अप्रैल को होगी और इसका फाइनल मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 6 स्‍थानों पर आयोजित होगा। प्रत्‍येक टीम 4 स्‍थानों पर मुकाबले खेलेगी और किसी टीम को इस बार होम एडवांटेज नहीं मिलेगा। आईपीएल 2021 में कुल 11 डबल हेडर्स मैच होंगे।

आईपीएल 2021 के  शाम के मुकाबले शाम 7:30 बजे शुरू होंगे जबकि दोपहर वाले मुकाबले 3:30 बजे शुरू होंगे। अहमदाबाद आईपीएल प्‍लेऑफ मुकाबलों की मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट का पहला और दूसरा क्‍वालिफायर 25 व 28 मई को आयोजित होगा जबकि एलिमिनेटर 26 मई को खेला जाएगा।

सीएसके वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 10 अप्रैल को आइपीएल 2021 का अपना पहला मैच खेलेगी। संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में पिछले साल के खेले गए आइपीएल में सीएसके ने खराब प्रदर्शन किया है, लेकिन इस बार टीम बेहतर दिख रही है। आइपीएल 2020 में चेन्नई की टीम आइपीएल के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी और ये पहला ऐसा मौका था, जब टीम क्वालीफाई करने में विफल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *