डिलीवरी ब्वॉय की शिकायत पर अब महिला के खिलाफ FIR

ऑनलाइन खाना डिलीवर करने वाली कंपनी जोमैटो के एक कर्मी पर हाल ही में कर्नाटक के बेंगलुरु की एक मॉडल और मेकअप कलाकार हितेशा चंद्रानी पर कथित रूप से हमला किए जाने पर शिकायत दर्ज की गई थी. पुलिस ने इस मामले में जोमैटो कर्मी को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं अब  पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि डिलीवरी ब्वॉय की शिकायत पर हितेशा चंद्राणी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

अधिकारी के अनुसार डिलीवरी ब्वॉय कामराज ने कहा था कि उल्टा हितेशा ने ही 9 मार्च को उसे चप्पलों से मारा था और गालियां दी थीं. इस बीच, हितेशा ने टि्वटर से अपना वह वीडियो हटा दिया जिसके आधार पर पुलिस ने 10 मार्च को कामराज को गिरफ्तार किया था.

हितेशा चंद्राणी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर कहा था कि उसकी नाक से जो खून बह रहा है वह डिलीवरी एक्‍जीक्‍यूटिव द्वारा किए गए हमले हमले का परिणाम है. वीडियो में हितेशा ने अपनी नाक की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘मेरा जोमेटो डिलीवरी आर्डर लेट हो गया था और मैं कस्‍टमर केयर के एक्‍जीक्‍यूटिव से बात कर रही थी तभी डिलीवरी के लिए आए शख्‍स ने यह किया. उसने मुझे हिट किया और खून बहते देख मुझे छोड़कर भाग निकला.’ बाद में शेयर किए गए एक अन्‍य वीडियो में हितेशा की नाक पर बैंडेज लगा दिखा था.

पुलिस में मामला जाने के बाद आरोपी कामराज ने मारपीट से इनकार किया था और महिला पर ही चप्पलों से पीटने का आरोप लगाया था. अब पुलिस ने उसकी शिकायत पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *