
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ जारी टीकाकरण अभियान और अधिक तेज करने का लक्ष्य तय किया है. बाइडेन ने कहा है कि अब उनका लक्ष्य राष्ट्रपति की हैसियत से काम करते हुए अपने पहले 100 दिनों में 20 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका देना है. राष्ट्रपति बनने के बाद गुरुवार को अपने पहले आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इसकी घोषणा की.
बाइडेन ने कहा, “आज मैं दूसरा लक्ष्य निर्धारित कर रहा हूं और वो यह है कि हमलोग अपने कार्यकाल के पहले 100 दिनों में 20 करोड़ लोगों को वैक्सीन देंगे. मैं जानता हूं कि यह महत्वाकांक्षी है, हमारे मूल लक्ष्य का दो गुना. लेकिन कोई दूसरा देश इसके करीब भी नहीं आ सका है जो हमलोग कर रहे हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि हमलोग यह कर सकते हैं.”