
दुनिया के सबसे व्यस्त कारोबारी मार्ग मिस्र की स्वेज नहर में बीते मंगलवार (23 मार्च) को चीन से माल लेकर आ रहे एक विशाल मालवाहक जहाज एवरग्रीन के फंस जाने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। हालांकि, अब जानकारी मिली है कि इस जहाज को छह दिन बाद सोमवार सुबह 04:30 बजे सुरक्षित निकाल लिया गया है.समुद्री सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी इंचकेप शिपिंग ने यह जानकारी दी. इस जहाज के निकलने से स्वेज नहर का बाधित रास्ता फिर से खुल सकेगा
इंचकेप ने सोमवार को ट्वीट में कहा, “एवरग्रीन ने 29 मार्च 2021 को 4 बजकर 30 मिनट पर फिर से चलना शुरू कर दिया है. उसे फिलहाल सुरक्षित किया जा रहा है. अगले चरण के बारे में ज्यादा जानकारी मिलने के बाद वह आगे बढ़ेगा.”
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि क्रू शिप को आगे बढ़ाने में तो कामयाब हो गया, लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि स्वेज नहर कब तक ट्रैफिक के लिए खुलेगा.
ताइवान की कंपनी एवरग्रीन मरीन कॉर्प द्वारा संचालित 400 मीटर लंबी एवरग्रीन शिप के भूमध्य सागर को लाल सागर से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण व्यापार मार्ग में फंसने के कारण दिक्कत खड़ी हो गई. 300 से अधिक जहाज इस मार्ग में प्रवेश करने या अपनी यात्रा पूरी करने का इंतजार कर रहे हैं.
स्वेज नहर में फंसे विशाल जहाज को हटाने के काम में दो विशेष नौकाएं लगाई गई थीं.एवरग्रीन नामक विशाल जहाज मंगलवार को इस नहर में फंस गया था. तब से अधिकारी जहाज को निकालने तथा जलमार्ग को जाम से मुक्त करने में जुटे थे. एवर ग्रिन के फंसे होने के कारण दूसरे मालवाहक जहाजों को अन्य रूट लेना पड़ रहा है, जिससे ज्यादा समय लग रहा है.इस नहर से रोज अरबों डॉलर का कारोबार होता है. ऐसे में जहाज के फंसने से वैश्विक परिवहन तथा व्यापार पर बहुत बुरा असर पड़ा है.