तमिलनाडु: भाजपा की किरकिरी, बिना इजाजत लगाई कार्ति चिदंबरम की पत्नी की तस्वीर

तमिलनाडु में छह अप्रैल को मतदान है। यहां 234 सीटों के लिए एक चरण में वोटिंग होगी। इसके लिए चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। भाजपा इस बार भी अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन कर चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही है। वहीं, इस बीच तमिलनाडु में प्रचार को लेकर भाजपा की जमकर फजीहत हो रही है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

दरअसल, भाजपा की तमिलनाडु यूनिट ने ट्विटर पर प्रचार से संबंधित एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में जिस महिला कलाकार को दिखाया गया वो कांग्रेस के सांसद कार्ति चिदंबरम की पत्नी श्रीनिधि चिदंबरम थीं। जब इस बात का खुलासा हुआ तो भाजपा ने अपने ट्विटर अकाउंट से वीडियो को हटा दिया।

भाजपा ने तमिलनाडु में जनता के सामने अपनी योजनाओं और घोषणापत्र को जाहिर करने के लिए एक वीडियो जारी किया था. इसी वीडियो में एक वक्त जब तमिलनाडु की संस्कृति का जिक्र होता है, तो उसमें श्रीनिधि चिदंबरम को भरतनाट्यम नृत्य करते हुए दिखाया गया है. एक और दिलचस्प बात यह है कि जिस गाने पर वह नृत्य कर रही हैं उसे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि ने लिखा था. ऐसे में भाजपा की किरकिरी होनी तय ही थी. वीडियो आने के बाद भाजपा को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा, जिसके बाद भाजपा ने उस वीडियो को अपने अकाउंट से डिलीट कर दिया.

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे और कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम की पत्नी श्रीनिधि चिदंबरम एक कलाकार होने के साथ ही मेडिकल प्रोफेशनल भी हैं.

तमिलनाडु की कांग्रेस ईकाई ने भी इस वीडियो को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘हम जानते हैं कि ‘सहमति’ शब्द को समझना आपके लिए कठिन है, लेकिन आप मिसेज श्रीनिधी कार्ति चिदंबरम की तस्वीर को बिना उनकी इजाजत के इस्तेमाल नहीं कर सकते. आपने जो किया है, उससे साबित होता है कि आपका प्रचार झूठा है.’

तमिलनाडु की सभी विधानसभा सीटों पर 6 अप्रैल को एक ही चरण चुनाव होना है, जबकि मतों की गिनती 2 मई को होगी. इस बार के चुनाव में भाजपा ने एआईएडीएमके के साथ गठबंधन किया है, जबकि कांग्रेस ने डीएमके से हाथ मिलाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *