
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन की शुरुआत 9 अपैल से होने जा रही है। टूर्नामेंट का पहले मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम का आमना-सामना विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। हालांकि, टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले फैन्स और आयोजकों के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2021 की शुरू होने से पहले ग्राउंड में काम करने वाले आठ कर्मचारी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। आईपीएल 2021 के लिए चुने गए छह स्थानों की लिस्ट में मुबंई का नाम भी शामिल है और 10 अप्रैल को वानखेड़े के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में मैच खेला जाना है। वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल के 14वें सीजन के 10 मुकाबले खेले जाने हैं. मुंबई समेत महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों के चलते बीसीसीआई की चिंता बढ़ गई है.
स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ्ते वानखेड़े स्टेडियम के 19 मैदानकर्मियों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया था. इसमें तीन लोगों की रिपोर्ट पहले ही आ गई थी जबकि पांच अन्य मैदानकर्मी 1 अप्रैल को आई रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं.
भले ही लीग इस बार भारत में हो रही लेकिन कोरोना की वजह से कई बदलाव भी हुए हैं. जैसे इस बार फाइनल समेत सभी 60 मैच 6 शहरों में ही खेले जाएंगे. इसमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता शामिल हैं. लीग स्टेज के 56 में से 40 मैच चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु में खेले जाएंगे. जबकि बाकी 16 में से 8-8 मैच दिल्ली और अहमदाबाद में होंगे. फाइनल और प्ले-ऑफ भी अहमदाबाद के नए बने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
कोरोना के चलते टूर्नामेंट बायो सिक्योर बबल में खेला जाएगा. लीग स्टेज के दौरान हर एक टीम को सिर्फ तीन बार ही यात्रा करनी होगी. यानी तीन बार ट्रैवल करके वो अपने सभी मैच पूरे कर लेगी. कोरोना वायरस के चलते लीग के शुरुआजी स्टेज में दर्शकों की स्टेडियम में एंट्री बैन रहेगी.
न्यूट्रल वेन्यू में होंगे मैच- इस बार सभी टीमें न्यूट्रल वेन्यू (तटस्थ जगह) में मैच खेलेंगी. उदाहरण के तौर पर मुंबई इंडियंस अपने अभियान का आगाज चेन्नई में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहला मैच खेलेगी.
सबसे बड़े स्टेडियम में आईपीएल फाइनल- आईपीएल 2021 का फाइनल मैच दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. फाइनल मैच 30 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. बता दें इस स्टेडियम में 1 लाख 10 हजार लोग एक साथ बैठकर मैच देख सकते हैं. हालांकि कोरोना की वजह से इतने दर्शकों को बैठने की इजाजत नहीं मिलेगी.