
कुछ दिनों पहले मिस्र की स्वेज नहर में अटके विशालकाय जहाज एवर गिवेन पर अथॉरिटीज ने बड़ी कार्रवाई की है. यहां नहर के अधिकारियों ने जहाज को जब्त कर लिया है. साथ ही 90 करोड़ डॉलर का मुआवजा भी मांगा गया है. कहा गया है कि अदालत के आदेश पर इस जहाज को जब्त किया गया है. राशी चुकाने के बाद ही जहाज को छोड़ा जाएगा. गौरतलब है कि दो लाख टन का एमवी Ever Given नाम का विशाल जहाज पिछले माह स्वेज नहर में फंस गया था.
Ever Given के फंसे होने के कारण दूसरे मालवाहक जहाजों को अन्य रूट लेना पड़ रहा था, जिससे ज्यादा समय लग रहा था. इस नहर से रोज अरबों डॉलर का कारोबार होता है. ऐसे में जहाज के फंसने से वैश्विक परिवहन तथा व्यापार पर बहुत बुरा असर पड़ा था. करीब छह दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद मिस्र के अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ इस फंसे जहाज को निकालने में सफल रहे थे.
मेरीटाइम डाटा कंपनी लॉयड्स के अनुसार, करीब चार फुटबॉल फील्ड के फंसने के कारण एशिया और यूरोप के बीच रोजाना करीब $9.6 बिलियन डॉलर के माल के ट्रांसपोटेशन में बाधा आई. जलमार्ग के बंद होने से मिस्र को ही करीब 12 से 15 मिलियन डॉलर के राजस्व का रोजाना नुकसान हुआ. एक स्थानीय समाचार पत्र ने स्वेज नहर के अथॉरिटी चीफ ओसामा राबी के हवाले से बताया कि एमवी Ever Given को 90 करोड़ डॉलर का मुआवजा न देने के कारण जब्त किया गया है.’ जापानी फर्म Shoei Kisen Kaisha के स्वामित्व वाले इस शिप का तकनीकी प्रबंधन जर्मन कंपनी संभाल रही है. एक अन्य सूत्र ने AFP को बताया कि नुकसान को लेकर कंपनी, इंश्योरेंस फर्म और केनाल अथॉरिटी के बीच बातचीत चल रही है.