
कोरोना महामारी के चलते हुए लॉकडाउन के दौरान अभिनेता सोनू सूद ने कई प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों की मदद की थी। उनके द्वारा मदद का ये सिलसिला आज भी लगातार जारी है। लेकिन अब कोरोना महामारी की स्थिति और भयावह हो चुकी है और सोनू सूद अपनी तरफ से लोगों की पूरी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी क्रम में ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर्स को लेकर सोनू ने चीन तक से सवाल पूछ लिया जिसका चीनी की तरफ से अब जवाब आया है।
चीन से की थी शिकायत:-दरअसल सोनू सूद ने बीते दिन एक ट्वीट कर बताया कि चीन से सैकड़ों ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर्स भारत लाना है लेकिन चीन ने इसमें रुकावटें लगा दी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की जिंदगियां खत्म हो रही हैं और ये सही नहीं है।
अपने ट्वीट में सोनू सूद लिखते हैं कि ‘हम लोग कोशिश कर रहे हैं कि सैकड़ों ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर्स भारत लाया जाए। यह कहना दुखद है कि चीन ने हमारे कई सारे कंसाइन्मेंट्स ब्लॉक कर दिए हैं और यहां भारत में हर मिनट जिंदगियां खत्म हो रही हैं। मैं @China_Amb_India @MFA_China से गुजारिश करता हूं कि हमारे कंसाइन्मेंट्स का रास्ता साफ करने में हमारी मदद करें जिससे हम लोगों की जिंदगियां बचा सकें।‘ सोनू सूद ने इस ट्वीट के साथ भारत में चीन के राजदूत और चीनी देश मंत्रालय को टैग किया है।
चीन का जवाब:-अब इस पर चीनी राजदूत सुन वेइदांग ने लिखा कि ‘मि. सूद आपके ट्विटर से जानकारी मिली है। कोविड 19 से भारत की लड़ाई में चीन पूरी तरह से मदद करेगा। मेरी जानकारी के मुताबिक चीन से भारत के सभी कार्गो फ्लाइट्स रुट्स सामान्य हैं। बीते दो हफ्ते में चीन से भारत के बीच कार्गो फ्लाइट्स ठीक तरह से काम कर रहा है।‘
सोनू ने किया धन्यवाद
आगे सोनू ने जवाब में लिखा कि ‘आपकी इस प्रतिक्रिया के लिए शुक्रिया। इस समस्या को हल करने के लिए मैं आपके ऑफिस से संपर्क में हूं। आपकी चिंता के लिए सराहना करता हूं।‘