अब चुनावी रणनीति नहीं बनाएंगे प्रशांत किशोर, सच हुई भविष्यवाणी फिर भी लिया संन्यास, जानें क्या है आगे का प्लान?

पांच राज्‍यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को आ रहे हैं. इसके लिए मतगणना जारी है. इनमें से पश्चिम बंगाल से सामने आए रुझानों में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 200 से अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं. वहीं बीजेपी 100 से नीचे सिमटती दिख रही है. ऐसे में ममता बनर्जी के लिए चुनावी रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर ने रुझानों के बाद बड़ा ऐलान किया है. उनका कहना है कि वह अब चुनावी रणनीतिकार का काम नहीं करेंगे.एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने इसकी वजह भी बताई।
एनडीटीवी चैनल से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, ‘मैं जो कर रहा हूं उसे अब जारी नहीं रखना चाहता। मैंने काफी कुछ कर लिया है। अब मेरे लिए एक ब्रेक लेने का समय है और जीवन में कुछ और करना चाहता हूं। मैं यह स्पेस छोड़ना चाहता हूं।’ उनके ‘यह स्पेस छोड़ना चाहता हूं’ कहने का मतलब है कि वह अब चुनावी रणनीति बनाने का काम नहीं करना चाहते हैं।

इस सवाल पर कि क्या वह राजनीति में दोबारा शामिल होंगे, प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं एक असफल राजनीतिज्ञ हूं। अगर मैं राजनीति में गया तो मुझे वापस जाना होगा और देखना होगा कि मुझे अब क्या करना है। प्रशांत किशोर का यह फैसला इसलिए भी हैरान करने वाला है, क्योंकि उन्होंने जो भविष्यवाणी की थी बंगाल चुनाव को लेकर वह अबतक सच साबित होता दिख रहा है। भाजपा 100 सीटों से नीचे जाती दिख रही है और ऐसे में उन्होंने यह ऐलान करके सबको चौंका दिया है।

दरअसल, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कई बार सार्वजनिक रूप से इस बात का ऐलान कर चुके हैं कि अगर बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सीटें 100 के पार हुईं तो वह अपना काम छोड़ देंगे। पहली बार जब उन्होंने ट्विटर पर यह ऐलान किया तो आईपैक के उनके कुछ सहयोगियों ने दावा किया कि पीके ट्विटर छोड़ने की बात कर रहे हैं। मगर हाल ही में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर के सलाहकार बने प्रशांत किशोर ने न्यूज चैनल आजतक से इंटरव्यू में साफ किया था कि वह चुनावी रणनीतिकार का काम छोड़ देंगे। उन्होंने कहा था कि यदि बीजेपी की 100 से सीटें आती हैं तो उनके काम का कोई मतलब नहीं रह जाता है। हालांकि, बंगाल चुनाव में भाजपा उस नंबर से काफी पीछे है, तब भी वह अब इस काम को नहीं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *