किन मरीजों में होता ब्लैक फंगस का खतरा, AIIMS डायरेक्टर ने बताया

देश में कोरोना वायरस के साथ-साथ अब ब्लैक फंगस (म्यूकोर्मिकोसिस) के केस भी बढ़ने लगे हैं। कई राज्यों में ऐसे मरीज मिले हैं जिनमें यह फंगल इंफेक्शन पाया गया है। ब्लैक फंगस केस के बढ़ने के पीछे कोरोना वायरस तो है ही साथ में स्टेरॉयड को भी जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। शनिवार को एम्स के डायरेक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि डायबिटीज, कोरोना पॉजिटिव और स्टेरॉयड लेने वाले रोगियों में फंगल इंफेक्शन की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में हमें हमें स्टेरॉयड का दुरुपयोग रोकना चाहिए।

गुलेरिया ने कहा कि यह रोग में चेहरे, नाक, आंख या फिर मस्तिष्क को प्रभावित कर सकता है। फेफड़ों में भी फैल सकता है और आंखों की रोशनी भी जा सकता है। गुलेरिया ने कहा कि इस इंफेक्शन को रोकने के लिए हमें प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। यह देखा गया है कि यह एक सेकेंडरी इंफेक्शन हैं फंगल और बैक्टेरियल है जो मौत का कारण बन रहे हैं।

एम्स निदेशक ने कहा कि म्यूकरमाइकोसिस बीजाणु मिट्टी, हवा और यहां तक ​​कि भोजन में भी पाए जाते हैं. लेकिन वे कम विषाणु वाले होते हैं और आमतौर पर संक्रमण का कारण नहीं बनते हैं. कोविड से पहले इस संक्रमण के बहुत कम मामले थे. अब कोविड के कारण बड़ी संख्या में मामले सामने आ रहे हैं. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि एम्स में इस फंगल इंफेक्शन के 23 मरीजों का इलाज चल रहा है. उनमें से 20 अभी भी कोविड-19 पॉजिटिव हैं और बाकी 3 निगेटिव हैं.

वहीं,केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में महामारी के 326098 नए मामले सामने आए हैं जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24372907 हो गई है। इसके साथ ही देश में महामारी से 3890 और लोगों की मौत हुई है, जिससे मृतकों की कुल संख्या 266207 हो गई है।मंत्रालय ने कहा कि देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर अब 36,73,802 रह गई है, जो कुल मामलों का 15.07 प्रतिशत है। लोगों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 83.83 प्रतिशत हो गई है। कुल मिलाकर स्थिति (कोविड-19 की दूसरी लहर) स्थिर हो रही है, हम इसे आगे और स्थिर करने के लिए काम करेंगे।

सरकार ने कहा है कि देश के 24 राज्यों में कोविड-19 की संक्रमण दर 15 प्रतिशत से अधिक हैं। वर्तमान में 11 राज्यों में एक लाख से ज्यादा उपचाराधीन मरीज हैं, आठ राज्यों में 50,000 से एक लाख के बीच इलाजरत रोगी हैं । कोरोना वायरस के 85 प्रतिशत मामले 10 राज्यों से आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *