भारत में कोरोना से बच्चों को बचाने में गेम चेंजर साबित होगी स्वदेशी नेजल वैक्सीन, WHO की टॉप सांइटिस्ट का दावा

भारत में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर जारी है। तीसरी लहर की भी आशंका जताई जा रही है। इस संभावित लहर में बच्चों के सबसे ज्यादा प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस बीच राहत की खबर यह आ रही है के देश में नाक के जरिए दी जाने वाली वैक्सीन का परीक्षण चल रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की मुख्य वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने कहा है कि भारत में जो नेजल वैक्सीन बन रही है, वह बच्चों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।

सीएनएन-न्यूज़ 18 से बातचीत करते हुए सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा स्कूल टीचर को वैक्सीन लगाने की जरूरत है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चों को तभी स्कूल भेजना चाहिए जब कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा कम हो. स्वामीनाथन ने आगे कहा, ‘भारत में बनी नेज़ल वैक्सीन बच्चों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है. इसे बच्चों में लगाना आसान होगा. साथ ही ये रेस्पिरेटरी ट्रैक में इम्यूनिटी बढ़ाएगी.’

बच्चों पर खतरा कम:-केंद्र सरकार ने शनिवार को कहा कि बच्चे संक्रमण से सुरक्षित नहीं हैं, लेकिन ये भी कहा कि फिलहाल वायरस का असर बच्चों पर कम हो रहा है. दुनिया और देश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सिर्फ 3-4 फीसदी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराने की नौबत आती है. नीति आयोग (स्वास्थ्य) के सदस्य वीके पॉल ने कहा, ‘अगर बच्चे कोविड से प्रभावित होते हैं, तो या तो कोई लक्षण नहीं होंगे या कम से कम लक्षण होंगे. उन्हें आम तौर पर अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है. लेकिन हमें 10-12 साल के बच्चों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है’

भारत बायोटेक कर रही है ट्रायल:-हैदराबाद स्थित भारत बायोटेक कंपनी ने नेज़ल वैक्सीन का ट्रायल शुरू कर दिया है. इस वैक्सीन के जरिए नाक के जरिए डोज दी जाएगी, जो कोरोना को मात देने में कारगर साबित हो सकती है. कंपनी के मुताबिक नेजल स्प्रे की सिर्फ 4 बूंदों की जरूरत होगी. नाक के दोनों छेदों में दो-दो बूंदें डाली जाएंगी. क्लीनिकल ट्रायल्स रजिस्ट्री के अनुसार, 175 लोगों को नेजल वैक्सीन दी गई है. इन्हें तीन ग्रुप में बांटा गया है. पहले और दूसरे ग्रुप में 70 वालंटियर रखे गए हैं और तीसरे में 35 वालंटियर रखे गए हैं. ट्रायल के नतीजे अभी आने बाक़ी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *