टाटा ग्रुप ने बिग बास्केट में खरीदी बड़ी हिस्सेदारी, अमेजन और फ्लिपकार्ट को मिलेगी टक्कर

टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड की टाटा डिजिटल ने ऑनलाइन किराना प्लेटफॉर्म बिग बास्केट में बड़ी हिस्सेदारी हासिल की है. इसके साथ ही ऑनलाइन खरीदारी की दुनिया के बड़े समूह अमेजन, फ्लिपकार्ट के साथ-साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ सीधी टक्कर की उम्मीद है. फिलहाल इस डील को लेकर बिग बास्केट या टाटा ग्रुप की तरफ से कोई कमेंट नहीं आया है.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह डील करीब 9500 करोड़ रुपए में हुई है. मार्च 2021 में इंडिया एंटी ट्रस्ट बॉडी से पहले ही इस डील को मंजूरी मिल चुकी है. इसके तहत टाटा संस बिग बास्केट में 64.30 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीद सकती है. मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि टाटा ग्रुप ने बिग बास्केट में चाइनीज निवेशक अलीबाबा की हिस्सेदारी खरीदी है.

2011 में हुई थी बिग बास्केट की स्थापना:-टाटा डिजिटल के सीईओ प्रतीक पाल ने कहा कि कंजप्शन में ग्रोसरी का बहुत बड़ा हिस्सा होता है. बिग बास्केट भारत की सबसे बड़ी ग्रोसरी कंपनी है. हमारा लक्ष्य सबसे बड़े कंज्यूमर डिजिटल इको सिस्टम को तैयार करना है. बिग बास्केट की स्थापना 2011 में बेंगलुरू में की गई थी. देश के 25 शहरों में यह अपनी ऑनलाइन सेवा दे रही है.

इस वित्त वर्ष सुपर ऐप लॉन्च करेगा टाटा ग्रुप:-टाटा ग्रुप बहुत पहले ही सुपर ऐप लॉन्च करने का ऐलान कर चुका है. कंपनी का प्लान एक ऐसे ऐप को डेवलप करना है जहां कस्टमर्स को टाटा कंज्यूमर्स के सभी प्रोडक्ट्स एक प्लैटफॉर्म पर उपलब्ध हो जाएं. इस ऐप पर यूजर्स Qmin के जरिए खाना मंगवा सकते हैं. Tata CLiq की मदद से लाइफ स्टाइल ऑनलाइन शॉपिंग कर सकते हैं. Croma की मदद से इलेक्ट्रॉनिक शॉपिंग कर पाएंगे. माना जा रहा है कि इस ऐप को चालू वित्त वर्ष में लॉन्च कर दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *