
बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन बीते कुछ दिनों से काफी चर्चा में हैं। फिल्म ‘दोस्ताना 2’ से कार्तिक आर्यन को निकाले जाने के बाद से ही वो काफी लाइम लाइट में आ गए हैं। ‘दोस्ताना 2’ के बाद कार्तिक को शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस में बन रही फिल्म से भी निकाले जाने की खबरें सामने आईं। जिसके बाद फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने कार्तिक का समर्थन किया। डायरेक्टर अनुभव सिन्हा के बाद अब स्क्रीनराइटर और फिल्म एडिटर अपूर्व असरानी भी कार्तिक आर्यन के सपोर्ट में आगे आए हैं.
अपूर्व असरानी के मुताबिक, सुशांत सिंह राजपूत की तरह कार्तिक भी आउटसाइडर होने का खामियाजा भुगत रहे हैं. अपूर्व ने अनुभव सिन्हा के ट्वीट का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी बात का सम्मान किया जाना चाहिए. अपूर्व ने अपने ट्वीट में लिखा है, “कार्तिक आर्यन के खिलाफ चलाये जाने अभियान पर बात करने के लिए मैं अनुभव सिन्हा का सम्मान करता हूं. एक साल पहले सुशांत सिंह राजपूत के साथ होने वाली बुलिंग को लेकर मैंने एक ब्लॉग लिखा था, जिसके बाद मुझे कई पत्रकारों ने ब्लैकलिस्ट कर दिया था. मुझे लग रहा है कि बेहतरी के लिए कुछ बदलाव हो रहा है”.
कार्तिक आर्यन के हाथ से एक के बाद एक फिल्म निकलने को लेकर एक्टर के सपोर्ट में अनुभव सिन्हा ने लिखा था, “जब प्रड्यूसर्स किसी एक्टर को अपनी फिल्म से ड्रॉप करते हैं या एक्टर फिल्म छोड़ता है तो वे इस पर बात नहीं करते हैं. अधिकतर ऐसा ही होता है. मैं इस बात को लेकर निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि कार्तिक आर्यन के खिलाफ कैंपेन चलाया जा रहा है और बहुत गलत है. उसकी चुप्पी का मैं सम्मान करता हूं”.
गौरतलब है बीते दिनों खबरें आईं थी कि कार्तिक आर्यन करण जौहर की ‘दोस्ताना 2’ और शाहरुख खान की ‘फ्रैडी’ से बाहर निकाल दिए गए हैं. इस बीच यह खबर भी चर्चा में रही कि आनंद एल राय ने भी उन्हें अपनी फिल्म से ड्राप कर दिया है. हालांकि इस बारे में सफाई देते हुए आनंद एल राय ने कहा था कि कार्तिक उनकी फिल्म में कभी थे ही नहीं.