
बॉलीवुड के फेमस एक्टर बोमन ईरानी की मां जेरबानू ईरानी का बुधवार को निधन हो गया. वे 94 साल की थीं. एक्टर ने इंस्टाग्राम के जरिए इस बात की जानकारी दी. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है. बोमन ने अपने पोस्ट में बताया कि उनकी 94 वर्षीय मां ने नींद में ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सोशल मीडिया यूजर्स और सितारे बोमन की मां को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
94 वर्ष की आयु में निधन:-बोमन ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, ‘मां ईरानी ने नींद में ही इस दुनिया को शांति से अलविदा कह दिया। वो 94 वर्ष की थीं, उन्होंने 32 साल की उम्र से ही मेरे लिए मां और पिता, दोनों के किरदार निभाए थे। वो बहुत जिंदा दिल थीं और कई मजेदार कहानियों से भरी थीं, जो सिर्फ वहीं कह सकती थीं।’
भोजन और गाने थे पसंद:-बोमन ने आगे अपने पोस्ट में लिखा, ‘जब भी वो मुझे फिल्मों के लिए भेजती थीं तो हमेशा इस बात का ध्यान रखती थीं कि कंपाउंड किड्स मेरे साथ रहें। वो हमेशा कहती थीं- पॉपकार्न मत भूलना। उनको अपना भोजन और गाने पसंद थे। इसके साथ ही तेजी से वो विकिपीडिया और आईएमडीबी को तुरंत फैक्ट चैक कर सकती थीं।’
लोगों को खुशी दो:-बोमन ने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा, ‘वो हमेशा कहती थीं, ‘तुम एक अभिनेता इसलिए नहीं हो कि लोग तुम्हारी तारीफ करें। तुम एक अभिनेता हो ताकि तुम लोगों को खुशी दे सको। हमेशा लोगों को खुशी दो। आखिरी रात उन्होंने मलाई कुल्फी और आम मांगे थे। वो चाहतीं तो चांद और तारे भी मांग सकती थीं। वो एक स्टार थीं और हमेशा रहेंगी।’ याद दिला दें कि बीते साल 18 नवंबर को बोमन ने अपनी मां को जन्मदिन की बधाई देते हुए भी एक पोस्ट किया था। गौरतलब है कि बोमन के पोस्ट पर फैन्स और सितारे अभिनेता की मां को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।