
भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का असर धीरे धीरे कम हो रहा है, लेकिन अभी भी अलर्ट रहने का समय है. भारत में अगस्त के मिड तक कोरोना वायरस की तीसरी लहर आने की संभावना है. SBI की रिसर्च रिपोर्ट में यह दावा किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार कोरोना वायरस की तीसरी लहर सितंबर तक पीक पर होगी.
एसबीआई की “कोविड -19: रेस टू फिनिशिंग लाइन” रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है, “मौजूदा आंकड़ों के अनुसार, भारत में जुलाई के दूसरे सप्ताह के आसपास रोजाना लगभग 10,000 कोविड -19 मामले सामने आ सकते हैं। हालांकि, मामले अगस्त के दूसरे पखवाड़े तक बढ़ सकते हैं।” आपको बता दें कि दूसरी लहर 7 मई को चरम पर थी, जब चार लाख से अधिक मामले सामने आए थे।
रिसर्च में कहा गया है कि अनुमान रुझानों पर आधारित हैं। वैश्विक डेटा से पता चलता है कि औसतन, तीसरी लहर के दौरान पहुंचने वाले चरम मामले कोरोनो वायरस महामारी की दूसरी लहर से लगभग दो या 1.7 गुना अधिक हैं। अधिकांश विशेषज्ञ लगभग एकमत हैं कि देश में कोरोना की तीसरी लहर आएगी।
जून में प्रकाशित एसबीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि संभावित तीसरी लहर दूसरी जितनी गंभीर हो सकती है। हालांकि यह भी कहा गया है कि संक्रमण की संख्या दूसरी लहर के कारण कम भी हो सकती है।
भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर अप्रैल और मई में अपने चरम पर थी। देश ने इस अवधि के दौरान कई दिनों तक दैनिक संक्रमण और कोरोनो के कारण मौतों की रिकॉर्ड संख्या देखी। इस दौरान देश को ऑक्सीजन संकट से जूझना पड़ा। हालांकि, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के कारण, दैनिक मामलों में कमी आई है। कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने अब दैनिक मामलों में गिरावट के बीच अनलॉक करना शुरू कर दिया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में, भारत में 43,733 नए मामले सामने आए। इस दौरान 930 मरीजों की मौत हुई।