“जब तक जिएंगे साथ जिएंगे…साथ मरेंगे। तुम्हारे बिना जीने का मैं सोच भी नहीं सकती।” पति-पत्नी के बीच कभी मजाक में कही गई यह बात किसी ने गंभीरता से नहीं ली थी, लेकिन रविवार को यह संवाद दर्दनाक हकीकत में बदल गया।
रीवा के युवा कारोबारी प्रदीप सोनी की मौत की खबर मिलने के कुछ मिनट बाद उनकी पत्नी वैशाली खड़ायत ने भी उत्तराखंड में सुसाइड कर लिया।
पांच साल पहले शुरू हुई थी प्रेम कहानी
प्रदीप सोनी और वैशाली खड़ायत ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था। परिवार के अनुसार, दोनों के बीच गहरा भावनात्मक जुड़ाव था।परिवार के अनुसार, एक बार बातचीत के दौरान प्रदीप ने वैशाली से कहा था कि वह उसके बिना एक पल भी नहीं जी सकता। इस पर दोनों के बीच नोक-झोंक भी हुई थी।उसी दौरान वैशाली ने कहा था कि जब तक जिएंगे, साथ जिएंगे और साथ मरेंगे, क्योंकि वह पति के बिना जीवन की कल्पना नहीं कर सकती।उस समय यह एक सामान्य वैवाहिक बातचीत थी, लेकिन आज परिवार के लोग उसी बातचीत को याद कर भावुक हो रहे हैं।

पिता ने बताया बहू का समर्पण
प्रदीप के पिता और शहर के प्रतिष्ठित सराफा कारोबारी परमानंद सोनी ने बताया कि उनकी बहू वैशाली बेटे से बेहद प्रेम करती थी। उन्होंने कहा कि बेटे की मौत की सूचना मिलने के 5 मिनट बाद उसने अपनी जान दे दी।उन्होंने बताया कि बेटे की अचानक मौत का सदमा वैशाली सहन नहीं कर सकी। उन्होंने यह भी कहा कि आत्महत्या किसी भी परिस्थिति में उचित कदम नहीं है, लेकिन बहू अपने पति से बेहद जुड़ी हुई थी और यह दुख बर्दाश्त नहीं कर पाई।
ऐसे सामने आया प्रदीप की मौत का मामला
जानकारी के अनुसार, प्रदीप सोनी अनंतपुर स्थित अपने घर में अकेले थे। उनकी पत्नी कुछ दिन पहले उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के कुमौड़ गांव स्थित मायके गई हुई थी।रविवार दोपहर तक प्रदीप का मोबाइल फोन लगातार बंद रहा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य उनके घर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा तो प्रदीप बाथरूम में मृत अवस्था में पड़े थे।

कार्डियक अरेस्ट की आशंका
परिवार के अनुसार, प्रदीप को पहले किसी गंभीर बीमारी की जानकारी नहीं थी। बताया गया कि वह रात में भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। घटना की जानकारी सबसे पहले घर में काम करने वाली महिला को हुई, जिसने वैशाली को फोन किया। इसके बाद सूचना अन्य परिजनों तक पहुंची।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पति की मौत की खबर से टूट गई वैशाली
दूसरी ओर उत्तराखंड में मौजूद वैशाली खड़ायत को रविवार सुबह फोन पर पति की मौत की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार, यह खबर सुनने के बाद वह सदमे में चली गई। कुछ समय बाद वह बिना किसी को बताए घर से निकली। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी शाम को जाजरदेवल थाना क्षेत्र के नैनीसैनी गधेरे के पास तालाब में उसका शव मिला।घटना स्थल से उसका मोबाइल फोन और पर्स भी मिला। एक ही दिन में बेटे और बहू की मौत से सोनी परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने नहीं जताई किसी संदेह की आशंका
मामले को लेकर एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि अभी तक की जांच में कोई संदेहास्पद तथ्य सामने नहीं आए हैं। फिलहाल, किसी तरह की आपराधिक आशंका नहीं मानी जा रही है।
युवाओं में बढ़ रहे कार्डियक अरेस्ट के मामले
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. वीडी त्रिपाठी के अनुसार, कुछ वर्षों में युवाओं में कार्डियक अरेस्ट के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। अनियमित जीवनशैली, तनाव, धूम्रपान, शराब का सेवन, जंक फूड और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बढ़ता मोटापा भी हृदय रोग का खतरा बढ़ाते हैं। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और व्यायाम से ऐसे जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

प्रदीप सोनी और वैशाली खड़ायत अकसर साथ जीने, साथ मरने की बात करते थे।