
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब गंवाने के बाद से विराट कोहली अपनी कप्तानी को लेकर आलोचकों के निशाने पर हैं। आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार तीसरी हार के बाद विराट को कप्तानी से हटाने की भी मांग की जा रही है। कई पूर्व खिलाड़ियों का मानना है कि टी-20 में टीम इंडिया की कप्तानी रोहित शर्मा को सौंप देनी चाहिए और उनकी अगुवाई में ही भारत को टी-20 विश्व कप खेलना चाहिए। वहीं, कपिल देव, सुनील गावस्कर जैसे महान प्लेयर्स ने कप्तानी को लेकर विराट का समर्थन भी किया है। विराट के साथ इंटरनेशनल क्रिकेट में कई साल खेल चुके भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी कोहली की कप्तानी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रैना का मानना है कि कोहली को थोड़ा और समय देने की जरूरत है. कोहली की कप्तानी में भारत तीन बार आईसीसी खिताब के करीब पहुंचा था. 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी, 2019 वर्ल्ड कप और 2021 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत खिताब से चूक गया. अब आगे तीन वर्ल्ड कप होने हैं
कोहली और टीम इंडिया के पास आएगी कम से कम एक आईसीसी ट्रॉफी:-रैना को भरोसा है कि कोहली और टीम इंडिया के पास कम से कम एक आईसीसी ट्रॉफी आएगी. न्यूज 24 स्पोर्ट्स से बात करते हुए रैना ने कहा कि मुझे लगता है कि वह नंबर एक कप्तान हैं. उनके रिकॉर्ड साबित करते हैं कि उन्होंने काफी कुछ हासिल किया है.
मुझे लगता है कि वह दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं. आप आईसीसी ट्रॉफी के बारे में बात कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक एक आईपीएल भी नहीं जीता. मुझे लगता है कि उन्हें थोड़ा समय देने की जरूरत है. अभी 2- 3 वर्ल्ड कप होने हैं. दो टी20 वर्ल्ड कप और एक वनडे वर्ल्ड कप. फाइनल तक पहुंचना आसान नहीं है. कभी कभी आप कुछ चीजों से चूक जाते हैं.
खराब बल्लेबाजी के कारण हारा भारत:-रैना का मानना है कि भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खराब कंडीशन के कारण नहीं, बल्कि बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण हारा. दरअसल बारिश के कारण दो दिन धुल गए थे, इसके बावजूद न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर ली.