
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन अपने घर ‘प्रतिक्षा’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अब हाल ही में उनके घर के बाहर राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने पोस्टर लगाए हैं। साथ ही अभिनेता से ‘बड़ा दिल’ दिखाने की अपील की है।मनसे के मुताबिक- सड़क चौड़ीकरण में आड़े आ रहे प्रतीक्षा बंगले के कुछ हिस्से को तोड़ने में अमिताभ की तरफ से बीएमसी को सहयोग नहीं मिल रहा है जबकि अगल-बगल की सोसाइटियां सहयोग के लिए तैयार हैं. मनसे ने अपील की है कि आप बिग बी हो तो इस काम में बड़ा दिल दिखाकर बीएमसी का सहयोग करें. जनता को रोज-रोज होने वाली इस तकलीफ से निजात दिलाएं.
बता दें कि मुंबई के जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के प्रतीक्षा बंगले बाहर भी ये पोस्टर लगे दिख रहे हैं. इनमें लिखा है कि बिग बी शो बिग हार्ट. यहां के ज्ञानेश्वर रास्ते का जो चौड़ीकरण हो रहा है, उसके लिए अमिताभ बच्चन अपना बड़ा दिल दिखाते हुए इजाजत दें. बीएमसी इस रोड को चौड़ी करना चाहता है, जिसके लिए अमिताभ बच्चन को बीएमसी की ओर से नोटिस भेजा जा चुका है. 2017 में बीएमसी ने अमिताभ बच्चन और पीछे की सोसाइटी को नोटिस देकर रोड के चौड़ीकरण को लेकर नोटिस भेजा था, लेकिन बात नहीं बनी. प्रदर्शनकारियों में से एक ने कहा कि अमिताभ बच्चन सदी के महानायक है, उन्हें बड़ा दिल दिखाना चाहिए. महानगरपालिका से भी बात हुई है, उन्होंने 8 दिन में इस मामले में कार्रवाई की बात कही है. अगर ये काम नहीं होता है तो हम अपना आंदोलन तेज करेंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- ये सड़क 45 फीट चौड़ी है. बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इसे चौड़ा करके 60 फीट करने की बात की जा रही है. रोज-रोज ट्रैफिक की वजह से यहां जाम लगता है. लोगों को काफी समस्या होती है.