मुंबई : पबजी खेलने के लिए मां के बैंक खाते से 10 लाख रुपये खर्च करने के बाद घर से भाग गया किशोर

पबजी खेलने को लेकर किशोरों में किस कदर दीवानगी है इसकी बानगी मुंबई की एक घटना के रूप में सामने आई। जोगेश्वरी इलाके में 16 साल के लड़के ने पबजी के लिए ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से 10 लाख रुपये खर्च कर दिए। इसे लेकर माता-पिता के डांटने पर किशोर अपने घर से भाग गया। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस ने दी. एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भागे हुए किशोर का पता गुरुवार की दोपहर को अंधेरी (पूर्व)  में महाकाली केव्स इलाके  में लगाया और उसे उसके माता-पिता के पास भेज दिया.

अधिकारी ने बताया कि घटना बुधवार की शाम को प्रकाश में आया जब लड़के के पिता ने एमआईडीसी थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की. जांच के दौरान लड़के के पिता ने पुलिस को बताया कि किशोर पिछले महीने से पबजी का आदी हो गया था और मोबाइल फोन पर खेलते हुए उसने अपनी मां के बैंक खाते से दस लाख रुपये खर्च कर दिए. अधिकारी ने बताया कि जब अभिभावकों को ऑनलाइन लेन-देन के बारे में पता चला तो उन्होंने उसे डांटा जिसके बाद उसने एक पत्र लिखा और घर छोड़कर चला गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *