
फ्लाइट में सफर करने के लिए कई बातों का ध्यान रखना होता है. सुरक्षित सफर के लिहाज से कई नियम भी बनाए जाते हैं, जिनका पालन करना जरूरी होता है, लेकिन कुछ लोग नियम तोड़ने में माहिर होते हैं. ऐसा ही एक वीडियो अमेरिका से सामने आया है, जिसमें एक महिला यात्री फ्लाइट अटेंडेट के साथ मारपीट करती हुई दिख रही है.
कैलिफॉर्निया की रहने वाली विवियाना क्वीनोनेज 23 मई को साउथवेस्ट एयरलाइन्स फ्लाइट 700 पर यात्रा कर रही थीं. ये फ्लाइट सैक्रेमैंटो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सैन डियागो इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रही थी. महिला पर आरोप है कि उसने फ्लाइट अटेंडेंट के साथ बदतमीजी की और उसे पीटा भी. इस लड़ाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. विवियाना ने एस एल नाम की एक फ्लाइट अटेंडेंट को मुक्का मारा है. फ्लाइट अटेंडेंट ने महिला से सीट बेल्ट पहनने और और सामने लगी सीट ट्रे बंद करने को कहा था कि महिला भड़क गई. वो उठी और फ्लाइट अटेंडेंट को पीटने लगी.
रिपोर्ट्स के अनुसार सीट बेल्ट बांधने और सीट ट्रे बंद करने से मना कर रही थी. इसके अलावा उसने फेस मास्क भी ठीक से नहीं पहना था. फ्लाइट में मौजूद लोगों ने इस लड़ाई का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार फ्लाइट अटेंडेंट की आंख के नीच 4 टांके लगे जबकि उसके हाथ पर काफी चोटें आई हैं. यही नहीं फ्लाइट अटेंडेंट के तीन दांत भी टूट गए. महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उसपर कोर्ट में केस चल रहा है. मामले की पहली सुनवाई 17 सितंबर को है. इस मामले में औरत को 20 साल की जेल भी हो सकती है.