
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल भले ही कड़ी प्रतिद्वंदिता वाला टूर्नामेंट हो, लेकिन मैच के बाद इस लीग में जो माहौल देखा जाता है, वो अविश्वसनीय है। ऐसा ही एक उदाहरण सोमवार 20 सितंबर को रायल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए यूएई लेग के दूसरे मैच के बाद देखने को मिला, जहां विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम को हार झेलनी पड़ी।
भले ही विराट की टीम को हार मिली हो, लेकिन वे अपनी हो या फिर विपक्षी टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। ऐसा ही एक वाकया केकेआर बनाम आरसीबी मैच के बाद देखा गया, जब केकेआर के डेब्यूटेंट खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर की विराट कोहली ने क्लास लगाई। क्लास लगाना वैसे तो एक नकारात्कता वाला शब्द नजर आता है, लेकिन यहां क्लास का मतलब है कि वेंकटेश अय्यर ने दिग्गज बल्लेबाज से बल्लेबाजी की बारीकियां सीखीं।
केकेआर के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है। जिसमें विराट और वेंकटेश बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया है, ‘ड्रीम डेब्यू + बेस्ट से सीखना, वेंकटेश अय्यर के लिए यह रात यादगार रही।’ वेंकटेश अय्यर को विराट ने बताया कि शॉट खेलने के लिए बेस्ट पोजिशन क्या होती है। विराट ने उन्हें सलाह दी कि फ्रंट फुट पर खेलने से उनके पास हमेशा ऑप्शन्स रहते हैं।
यह विराट का 200वां आईपीएल मैच था, लेकिन टीम इसको यादगार नहीं बना सकी। विराट ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। आरसीबी की पूरी टीम 92 रनों पर 20 ओवर से पहले ही सिमट गई। विराट 5 और एबी डिविलियर्स तो बिना खाता खोले ही आउट हो गए। वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल ने केकेआर की ओर से तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में केकेआर ने 10 ओवर में महज एक विकेट गंवाकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया।