कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर सोनीपत की महिला को लगा डेढ़ लाख रुपये का चूना, ऐसे साइबर ठगों के जाल में फंसी

सोनी टीवी पर प्रसारित किया जाने वाला कौन बनेगा करोड़पति  तो लगभग सभी लोग देखते हैं, लेकिन कुछ लोग केबीसी  के नाम पर भोल-भाले लोगों को फंसा कर ठगी करने का काम भी कर रहे हैं. ऐसा ही एक मामला हरियाणा के सोनीपत  में सामने आया है. दरअसल केबीसी के नाम पर ठगों ने एक महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये ठग लिए. साइबर ठगों  ने महिला को 25 लाख रुपये जीतने का झांसा दिया था.

हरियाणा के सोनीपत  निवासी बरखा ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसके फेसबुक पर केबीसी के जरिए 25 लाख रुपये जीतने का मैसेज आया. इसके बाद ठगों ने कभी सिक्योरिटी चार्ज तो कभी इनकम टैक्स के नाम पर रुपए जमा कराने के लिए कहा था. इसी तरह ठग उसे अपने झांसे में लेकर रुपए ऐंठते रहे. पुलिस के मुताबिक, महिला धीरे-धीरे ठगों के जाल में फंसती चली गई और लगभग डेढ़ लाख रुपये गंवा बैठी. हालांकि जैसे ही युवती को ठगी का आभास हुआ, तो उसने ठगों को पैसे लौटाने के लिए कहा, लेकिन ना तो उसके खाते में पैसे आए और ना ही ठगों ने लौटाए. इसके बाद वह अपनी शिकायत दर्ज कराने थाने आयी थी

डीएसपी ने कही ये बात
केबीसी के नाम पर ठगी का शिकार होने वाली महिला को लेकर डीएसपी पूजा डाबला ने कहा कि महिला ने केबीसी के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दी है जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

महिला के मुताबिक, सामने वाले ने खुद को केबीसी का डीएम बताया और खुद की पहचान विक्रम के रूप में बताई थी. यही नहीं, महिला ने अपने जेवर बेचकर रुपये दिए पर थे. सोनीपत के मॉडल टाउन की गांधी कॉलोनी निवासी बरखा के साथ यह ठगी 21 सितंबर को हुई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *