क़ैदियों के लिए विशेष व्यवस्था

इंदौर के केन्द्रीय जेल में बंदियों से परिजन स्मार्ट फोन/डेस्कटॉप/टेबलेट आदि से कर सकेंगे बातचीत

व्यवस्था हुई प्रारंभ- बातचीत के लिये करना होगा ऑनलाइन आवेदन

इंदौर।राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में केन्द्रीय जेल इंदौर में विचाराधीन एवं सजायाप्ता बंदिगणों से परिजन एवं उनके अभिभाषक ई-मुलाकात कर सकेंगे। इसके तहत परिजन एवं अभिभाषक स्मार्ट फोन/डेस्कटॉप/टेबलेट आदि से बातचीत कर सकेंगे। इसके लिए ई-आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
केन्द्रीय जेल से अधीक्षक श्री राकेश कुमार भांगरे ने बताया कि जेलों पर जिन बंदियों को इनकमिंग दूरभाष की पात्रता है, उन समस्त बंदियों को ई-मुलाकात की पात्रता होगी। ई-मुलाकात की अवधि 10 मिनिट की होगी। यह सुविधा पात्र बंदियों को माह में एक बार होगी। जो आवेदन मान्य किये जाएंगे उन आवेदकों को ई-मुलाकात की दिनांक एवं समय प्रदान किया जाएगा। ई-मुलाकात आवंटित कार्य दिवस में प्रातः 09 बजे से दोपहर 01 बजे तक कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि बंदीगणों के परिजन अपने घर से ही स्मार्ट फोन/डेस्कटॉप/टैबलेट के माध्यम से अथवा किसी एम पी ऑनलाईन सेंटर से ई-मुलाकात का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। बंदीगणों के परिजन एवं अभिभाषकगण के लिए ई-मुलाकात करने हेतु आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया एवं नियम निम्नानुसार है। आवेदकों को पोर्टल eprisons.nic.in गूगल पर सर्च करना होगा। इसके बाद उन्हें न्यू विजिट रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद ई-मुलाकात पर क्लिक कर मुलाकाती और बंदी की जानकारी भरना होगी। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। उन्हें मोबाईल/ई-मेल पर ओ.टी.पी. प्राप्त होगा। इसे अगली स्क्रीन पर दर्ज करना होगा। रजिस्ट्रेशन और मुलाकात संबधी जानकारी स्क्रीन पर प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था कोरोना महामारी के संक्रमण के मद्देनजर प्रदेश के गृह एवं जेल मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में शुरु की गई है। इस संबंध में जेल मुख्यालय भोपाल से भी आदेश प्राप्तव हो गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *