
धार में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ा
दो पक्षों में मामूली बात को लेकर हुआ विवाद
9 बाइक व एक चार पहिया वाहन में फैंके पत्थर
रात्रि में अन्य थानों का पुलिसबल पहुंचा

धार ( डाँ.अशोक शास्त्री )। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में कल देर रात्रि के समय मामूली बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी से शुरु हुआ विवाद ने सांप्रदायिक रुप ले लिया। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के मोहल्ले में पहुंचकर जमकर पथराव करके वाहनों में तोडफ़ोड़ कर दी। घटना की सूचना आने के बाद कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची व मामले को संभालने की कोशिश की, किंतु इसी बीच दूसरे मोहल्ले में विवाद हो गया। मामला बढ़ता देख एसपी के निर्देश पर समीप के थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंचा व स्थिति को नियंत्रण में किया गया, करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों में विवाद के दौरान मारपीट हुई हैं, रात्रि में एसपी आदित्य प्रतापसिंह, एडिशनल एसपी देवेंद्र पाटीदार सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा व रात्रि में ही मामले की जांच शुरु की गई। इधर मंगलवार सुबह तक पूरे मामले में पुलिस ने 7 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार रात्रि में कोतवाली थाना अंतर्गत में लक्की चौराहे के युवकों व ईस्लामपुरा के युवकों में कुछ दिन पूर्व झगड़ा हो गया था, जिसके बाद कल रात्रि करीब 10 बजे एक पक्ष के युवकों ने सलमान पिता मोहम्मद के साथ मारपीट की। तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने गौरव पिता दिलीप की साथ मारपीट की व बाइक में तोडफ़ोड़ की। इसके बाद मामला बढ़ गया व जमकर पथराव हुआ है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव पिता दिलीप की रिपोर्ट पर जुम्मा, पितडु, बांगडु, अनवर के खिलाफ तथा राजेंद्र पिता मिश्रलाल की रिपोर्ट पर भी इन सभी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, साथ ही दूसरे पक्ष के सलमान पिता मोहम्मद की रिपोर्ट पर कपिल, दीपक, रोहित, सावन, यश के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने कुल तीन प्रकरण दर्ज किए हैं, साथ ही पथराव में 9 बाइक सहित एक चार पहिया वाहन पर पत्थर फैंके गए थे। मामले में पुलिस ने सभी वाहन चिंहित कर लिए हैं, तथा सीसीटीवी फुटेज भी मंगलवार सुबह से खंगाले जा रहे हैं। पथराव की घटना में शामिल कुछ अन्य लोगों पर भी पुलिस कार्रवार्ई करेगी।
शहर में पुलिसबल तैनात
इधर रात्रि में सोशल मीडिया बंद होने का फायदा जरुर धार काे मिला, अगर पथराव व मारपीट की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती तो जरुर कल देर रात्रि में शहर का माहौल बिगड़ सकता था। इधर मंगलवार सुबह दोनों मोहल्लों सहित शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिसबल तैनात किया गया है, तथा पुलिस की गाडिय़ा सुबह से ही शहर में भ्रमण कर रही है।