
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज भारतीय निवेशक और ‘बिग बुल’ कहे जाने वाले राकेश झुनझुनवाला से मंगलवार को मुलाकात की और इस मुलाकात की एक तस्वीर भी शेयर की. उन्होंने झुनझुनवाला के बारे में कहा कि वह भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर काफी आशावादी हैं. मोदी ने ट्वीट किया, ‘वंड एंड ओनली राकेश झुनझुनवाला से मिलकर खुशी हुई…जीवंत, अंतर्दृष्टिपूर्ण और भारत को लेकर बेहद आशावादी.

बता दें कि राकेश झुनझुनवाला शेयर बाजार में दिग्गज निवेशक की हैसियत रखते हैं.उन्हें भारत का वारेन बफेट कहा जाता है. अपनी कंपनी Rare Enterprises के जरिये वह शेयर बाजार में निवेश करते हैं. फोर्ब्स की रिच लिस्ट के मुताबिक झुनझुनवाला देश के 48वें सबसे अमीर शख्स हैं. वह हंगामा मीडिया और Aptech के चेयरमैन हैं. वह कई कंपनियों के बोर्ड में हैं इनमें वायसराय होटल, कॉनकोर्ड बायोटेक, Provogue India और Geojit Financial Services जैसी कंपनियां हैं. हाल ही में जारी IIFL Wealth Hurun India Rich List के मुताबिक झुनझुनवाला और उनके परिवार की कुल वेल्थ 22,300 करोड़ रुपये की है.
राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो में 34 से ज्यादा शेयर हैं. इनमें से कई शेयर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. राकेश झुनझुवाला की खासियत है कि खराब मार्केट में उनके पोर्टफोलियो के शेयर अच्छा प्रदर्शन करते हैं. उन्हें वैल्यू इनवेस्टर माना जाता है. इसलिए शेयर मार्केट में उनके निवेश को काफी ट्रैक किया जाता है. हाल में जोमैटो के जबरदस्त प्रदर्शन के बाद उन्होंने कहा था कि उन्हें इसके शेयर के चढ़ने की वजह समझ नहीं आ रही. भले ही काफी निवेशकों ने इसमें पैसा लगाया हो लेकिन उन्हें इसमें वैल्यू नजर नहीं आती.
इसके इतर बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल क्यूएस क्वाक्वेरेली साइमंड्स लिमिटेड के मुख्य कार्याधिकारी और प्रबंध निदेशक नुंजियो क्वाक्वेरेली के साथ भी एक ‘सार्थक’ बैठक की. मोदी ने कहा कि उन्होंने शिक्षा क्षेत्र से संबंधित पहलुओं के बारे में विस्तार से बात की.