
आमतौर पर जानवरों का नाम सुनते ही लोग दूर भाग खड़े होते हैं। खासकर, जब बात सांप की हो तो फिर क्या कहना? सांप को देखते ही अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। लेकिन, एक दो साल का बच्चा सांप के साथ ऐसे मजे ले रहा है जैसे वह कोई खिलौना हो। इतना ही नहीं जिस तरह से वह विशालकाय सांप को हाथ से उठाकर फेंकता है उसे देखकर लोग दंग रह गए। आलम ये है कि सांप और बच्चे का यह मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग उसके हिम्मत की तारीफ भी कर रहे हैं।
दरअसल, यह घटना ऑस्ट्रेलिया की है। डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह बच्चा दो साल का है और इसके पिता का नाम मैट राइट है। मैट राइट एक एनिमल स्पेशलिस्ट हैं। इस वीडियो को खुद मैट राइट ने शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि यह बच्चा एक पार्क के किनारे खड़ा है और उसी के ही बगल फर्श पर यह सांप मौजूद था।
यह बच्चा सांप के पीछे पहुंचा और उसकी पूंछ पकड़कर उसको खींचने लगा। बच्चे ने सांप को तब तक खींचा जब तक उसे फर्श के नीचे नहीं पहुंचा दिया। हालांकि एक बार उसने सांप को छोड़ दिया था लेकिन पास खड़े शख्स ने उसे दोबारा खींचने के लिए कहा तो उसने इसे एक बार फिर से वहां खींच लिया। यह सांप इतना लंबा है कि इसे देखने वालों के होश उड़ गए।
रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि मैट राइट जंगली जानवरों को रेस्क्यू करने के लिए जाने जाते हैं, और यह दो साल का बच्चा उन्हीं का है। मैट राइट पिछले 20 सालों से उत्तरी क्षेत्र में मगरमच्छों को पकड़कर स्थानांतरित कर रहे हैं। मैट राइट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो पोस्ट किया है।