
भले ही आपने महंगे और अच्छे कपड़े पहन हुए हों और मेकअप भी परफेक्ट हो लेकिन मुंह की दुर्गंध आपकी इस अच्छी-खासी इमेज को मिनटों में बर्बाद कर सकती है.
अगर आपके मुंह से बदबू आ रही है तो न कोई आपके साथ बैठना पसंद करेगा और न ही बात करना. ऐसी स्थिति में आपका आत्मविश्वास भी डगमगा जाता है. कई बार ये खाने-पीने की वजह से होता है तो कई बार मुंह से जुड़ी कुछ बीमारियों की वजह से. पर अच्छी बात ये है कि इसे दूर करने के कुछ घरेलू और असरदार उपाय हैं. इनके इस्तेमाल से आप मुंह की बदबू को दूर कर सकते हैं और अपने दोस्तों संग एकबार फिर से हंस-बोल सकते हैं:
क्या हो सकते हैं कारण:
मुंह से दुर्गंध आने के प्रमुख कारणों में से एक कारण ये भी हो सकता है कि आपकी पाचन क्रिया सही नहीं है. जब आंतों में खाना सड़ने लगता है तो ये बदबू का कारण बन जाता है. कब्ज भी मुंह की दुर्गंध का कारण हो सकता है. इसके अलावा दांतों की सड़न, पायरिया या फिर दांतों और मसूड़ों की किसी बीमारी के चलते भी मुंह से बदबू आ सकती है.
जानिए मुंह की बदबू का इलाज
नमक के पानी से करें कुल्ला
मुंह से निकलने वाली दुर्गंध को दूर करने के लिए आप प्राथमिक उपचार के रूप में नमक पानी का कुल्ला कर सकते हैं। नमक में मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण मुंह में मौजूद दुर्गंध के लिए जिम्मेदार बैक्टीरिया को मारने के लिए प्रभावी रूप से कार्य करता है और ओरल हेल्थ को मेंटेन बनाने में भी काफी मददगार साबित होता है। इसलिए जब भी आपको मुंह से दुर्गंध आने की समस्या हो तो आप इस घरेलू नुस्खे को ट्राय कर सकते हैं।
भुनी हुई लौंग का करें सेवन
मुंह से आने वाली दुर्गंध को दूर करने के लिए आप दूसरे प्राथमिक उपचार के रूप में भुनी हुई लौंग का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए लौंग को चबाकर खाने के लिए इस्तेमाल करना है। वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार भी लौंग का सेवन करने के कारण ओरल हेल्थ से जुड़ी कई समस्याओं को दूर करने में मदद मिलती है।
नींबू पानी का करें सेवन
मुंह से आने वाली दुर्गंध को दूर करने के लिए नींबू पानी भी बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। इसके लिए एक गिलास पानी में 1 नींबू का रस मिलाएं और फिर इस पानी का सेवन रोज सुबह उठने के बाद करें। इस बात का ध्यान दें कि ब्रश करने से पहले ही इस पानी का सेवन करना है।