
कोरोना वायरस संक्रमण इस समय फिर से पूरी दुनिया पर हावी हो गया है. लगभग सभी देश इस समय इससे जूझ रहे हैं. इसका नया वेरिएंट ओमिक्रॉन भी काफी तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में कई देश अपने यहां प्रतिबंध भी लगाए हुए हैं. इनमें से एक देश न्यूजीलैंड (New Zealand) भी है. वहां कोरोना से हालात इतने खराब हैं कि सरकार को कोरोना के कम्युनिटी स्प्रेड को रोकने के लिए कड़ी प्रतिबंध लगाने पडे. इसके चलते न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा एर्डर्न ने अपनी शादी को ही रद्द कर दिया है.
कड़े प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि “मेरी शादी फिलहाल नहीं होगी”. नए प्रतिबंधों में शादी जैसे समारोहों में पूरी तरह से टीकाकृत 100 लोगों को ही शामिल होने की इजाजत दी गई है. उन्होंने कड़े प्रतिबंधों में खेद जताते हुए कहा है,
“मैं भी न्यूजीलैंड के आम लोगों में शामिल हूं, जिन्हें महामारी के परिणामस्वरूप ऐसा अनुभव हो रहा है और जो भी इस परिदृश्य में फंस गया है. इसका मुझे बहुत खेद है.”
एक शादी समारोह में शामिल हुए एक परिवार के नौ लोगों के ओमिक्रॉन से संक्रमित होने और फ्लाइट से दो शहरों के बीच यात्रा करने के दौरान एक फ्लाइट अटेंडेंट के संक्रमण की पुष्टि के बाद न्यूजीलैंड ने रविवार की मध्यरात्रि से “रेड सेटिंग” प्रतिबंध लागू कर दिया है.
ओमिक्रॉन पहले के डेल्टा वैरिएंट की तुलना में ज्यादा संक्रामक है लेकिन इस संक्रमण में लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने की संभावना कम है. न्यूजीलैंड में लागू नए कड़े प्रतिबंधों के मुताबिक, भीड़ की संख्या को सीमित करने के अलावा, सार्वजनिक परिवहन और दुकानों में अब फेस मास्क अनिवार्य कर दिया गया है.
अर्डर्न और लंबे समय से उनके साथी रहे क्लार्क गेफोर्ड ने कभी भी अपनी शादी की तारीख का ऐलान नहीं किया लेकिन अब माना जा रहा है कि अगले कुछ हफ्तों में यह निर्धारित कर दिया जाएगा. नए प्रतिबंध फरवरी के अंत तक लगाए गए हैं.