
मध्यप्रदेश के शाजापुर से कांग्रेस विधायक हुकुम सिंह कराड़ा के बेटे का वीडियो वायरल हो रहा है। नशे में धुत विधायक के बेटे ने इंदौर हाईवे पर आष्टा के पास एक कारोबारी की कार को टक्कर मारी। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
इंदौर के रेडीमेड और ड्राई फ्रूट कारोबारी दिनेश आहूजा ने बताया कि वह शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ भोपाल से इंदौर की ओर आ रहे थे। तभी आष्टा के पास एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार। जब उन्होंने गाड़ी सही से चलाने कि बात की तो गाड़ी में बैठे युवकों ने उनके साथ मारपीट की। इस पर जब पुलिस में जाने की बात कही तो गाड़ी को टक्कर मारते हुए घसीटने लगा।
भाजपा ने साधा निशाना
पूर्व मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा के बेटे की गुंडागर्दी पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि गंभीरता का विषय है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बेटे ने जिस प्रकार का गुंडिज्म किया है। लोगों पर आक्रमण किया है। शराब के नशे में जिस प्रकार का वीडियो वायरल हुआ है। मैं प्रशासन से मांग करता हूं इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। तत्काल एफआईआर दर्ज होकर गिरफ्तारी हो। मध्य प्रदेश के अंदर इस तरह का गुंडिज्म नहीं चलेगा… ऐसे लोगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।