
आठवीं के छात्र को ब्लैकमेल करने वाले आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। मामला राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपियों के नाम मो. सूफियान पिता इकबाल निवासी गुलजार कॉलोनी जूनी इंदौर, मो. फरहान पिता इकबाल निवासी गुलजार कॉलोनी जूनी इंदौर, अयान पिता इकबाल निवासी गुलजार कॉलोनी जूनी इंदौर हैं।
क्राइम ब्रांच ने छात्र के इंस्टाग्राम से आरोपियों की जानकारी जुटाई थी। आरोपियों ने कबूल किया है कि वे छात्र को उसके निजी फोटो वायरल करने और परिवार को जान से मरने की धमकी देकर उससे खुद के घर से चोरी करवाते थे। वे कई महीनों से छात्र पर मानसिक दबाव बनाते हुए उससे करीब 5 लाख रुपए नकद और सोने के आभूषण ले चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण और करीब 4 लाख रुपए बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि इंदौर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी संबंधी अपराधों को लेकर इंदौर पुलिस को निर्देशित किया है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश हिंगणकर ने पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) निमिष अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) गुरुप्रसाद पाराशर को शहर में हो रहे ब्लैमेलिंग और धोखाधड़ी संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने के लिए कहा है। इसी कड़ी में उक्त कार्रवाई की गई है।