
इंदौर में मामूली विवाद पर कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर एक दुकानदार की जमकर पिटाई कर दी। जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग एक दुकानदार को जमकर पीट रहे है। उस पर लात घूसे बरसा रहे हैं।
मामला छोटी ग्वालटोली का है। जहां दो दुकानदारों के बीच गाड़ी खड़ी करने को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में तब्दिल हो गई। बात इतनी बढ़ी कि गुमटी लगाने वाले दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिख दुकानदार को बुरी तरह से पीट दिया।
छोटी ग्वालटोली पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार की है। रमनदीप पुत्र राजेन्द्र सिंह राणा सीट की कवर हेलमेट और टू व्हीलर एसेसरीज की दुकान है। इनके नजदीक ही संजय यादव की भी सीट कवर की दुकान है। शनिवार को संजय की दुकान पर एक ग्राहक सीट कवर डलवाने आया था। इस दौरान राणा ने एक तरफ गाड़ी लगाने की बात को लेकर टोक दिया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। जिसमें विवाद बढ़ गया।
मामले में कुछ देर बाद संजय के परिवार से उसका भाई राजा और अन्य दोस्त भी पहुंच गए। उन्होंने रमनदीप की दुकान में घुसकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान रमनदीप की कैप हटने से उसके बाल खुल गए। इस बात की जानकारी जब सिक्ख समुदाय के लोगों को लगी तो वे रमनदीप को लेकर थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने धार्मिक भावनाओं को आहत करने को लेकर कार्रवाई की मांग की।
इसी बीच संजय का परिवार भी थाने आ गया। उन्होंने महिलाओं से बदसलूकी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत लेकर उन्हें रवाना कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाने में होता रहा हंगामा – घटना से नाराज सिख समाज के पदाधिकारी थाने पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। काफी देर तक थाने में हंगामा होता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस अफसर भी पहुंचे। देर रात पुलिस ने रमणदीप की शिकायत पर आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया। उनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की धाराएं भी लगाई हैं। एसीपी के मुताबिक आरोपित संजय ने भी रमणदीप पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने अदमचेक (असंज्ञय अपराध) माना है।