
इंदौर में बदमाशों ने दो युवतियों के साथ छेड़छाड़ की है। युवतियां अपने भाई के साथ पार्टी कर घर लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में बदमाशों ने कमेंट किए। विरोध करने पर उनके मुंह पर बीयर फेंक दी। युवतियों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और पुलिस को सौंप दिया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। युवतियों में से एक ने प्रतियोगी परीक्षा में टॉप किया था। इसी की पार्टी करने वह अपने भाई के साथ 56 दुकान पहुंची थी। वहां से लौटते समय गीता भवन पर दो बदमाशों ने युवतियों पर कमेंट किया। जब उन्हें टोका तो गालियां देने लगे। उनके मुंह पर बियर फेंकी।
पीड़ित भाई-बहन तुकोगंज थाने वीडियो के साथ इस मामले की शिकायत की। मामले में टीआई कमलेश शर्मा ने छात्राओं को बुधवार शाम थाने बुलाया। यहां मामले में केस दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिए। टीआई के मुताबिक बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।