
आईसीसी टी20 विश्व कप में इंग्लैंड ने गुरुवार को सेमीफाइनल में भारत को 10 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली. अब इंग्लैंड का सामना रविवार को पाकिस्तान से होगा.हार के बाद खिलाड़ी काफी भावुक हो गए थे और कप्तान रोहित शर्मा तो अपने आंसू भी नहीं रोक पाए. मैच के बाद जब वह डगआउट में गए तो उनकी आंखें डबडबाई हुई थीं और वह अपने आंसू रोक रहे थे. कोच राहुल द्रविड़ ने कंधा थपथपाकर रोहित का हौसला बढ़ाया.
हार से पूरा देश दुखी है और टीम के खिलाड़ियों के लिए भी यह मुश्किल वक्त है. इस हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा खुद को संभाल नहीं पाए और उनकी आंखे छलक पड़ी थीं. रोहित को निराश देखकर कोच राहुल द्रविड़ उनके पास आए और उन्हें कंधा थपथपाकर हौसला दिया.
पूरा देश आज जीत के लिए दुआ कर रहा था लेकिन भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड के ओपनर जॉस बटलर और ऐलेक्स हेल्स के सामने पूरी तरह से लाचार हो गए. विकेट निकालना तो दूर की बात है एक भी ओवर में गेंदबाज दवाब जैसी स्थिति भी नहीं बना सके.
World Cup 2022 में खत्म हुआ भारत का सफर
इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को खिताब का दावेदार माना जा रहा था और फाइनल से ठीक पहले इंग्लिश टीम के 2 प्रमुख खिलाड़ी डेविड मलान और मार्क वुड भी प्लेइंग 11 में नहीं थे. मैच से पहले तक भारतीय टीम को ही जीत का दावेदार माना जा रहा था. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने विराट कोहली और हार्दिक पंड्या की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 168 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम के लिए यह कभी मुश्किल नहीं लगा. एलेक्स हेल्स और जॉस बटलर ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 4 ओवर रहते ही मैच 10 विकेट से जीत लिया.